शिवोम् विद्यापीठ में गुरुपूर्णिमा पर मातृ वंदन कार्यक्रम का आयोजन

पाटन। शिवोम् विद्यापीठ परिवार द्वारा 10 जुलाई को गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर एक भावनात्मक और अद्वितीय आयोजन किया गया, जिसमें “माँ – प्रथम गुरु” की भावना को केंद्र में रखकर मातृ पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस विशेष दिवस पर विद्यालय परिसर श्रद्धा और प्रेम के वातावरण से भर गया, जब विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के चरण धोकर उनका पूजन किया और उन्हें पुष्प अर्पित कर जीवन में उनके योगदान के लिए मौन कृतज्ञता प्रकट की।

विद्यालय के असिस्टेंट डायरेक्टर अशरफ अली ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल परंपरा निभाना नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों को यह अनुभव कराना था कि सबसे पहला पाठ बोलना, चलना और जीना सिखाने वाली जो शक्ति है – वह माँ ही है, और वही हमारी प्रथम गुरु हैं।

विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया था कि वे अपनी माताओं के साथ विद्यालय पधारें और इस पवित्र अवसर का साक्षी बनें। जिससे कार्यक्रम की गरिमा और सांस्कृतिक भाव और भी उभरकर सामने आए।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती जया बंदेलू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “गुरुपूर्णिमा केवल आचार्यों को नमन करने का दिन नहीं, बल्कि उस माँ को भी स्मरण करने का दिन है, जिनके स्नेह और त्याग ने हमें आज इस योग्य बनाया।” कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने भावपूर्वक भाग लिया और इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *