कांकेर – जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत गांवो में स्वच्छता को बढ़ावा देने राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वारा पुरस्कार दिए जाएंगे। इन पुरस्कार के लिए चयनित ग्राम पंचायतों और प्रतिभागियों को गांधी जयंतीर पर 2 अक्टूबर को पुरस्कृत किया जायेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस सिंहदेव ने राज्य स्वच्छता पुरस्कार-2020 के तहत 15 श्रेणियों में दिए जाने वाले पुरस्कारों की घोषणा की है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ.संजय कन्नौजे ने बताया की राज्य स्वच्छता पुरस्कार -2020 के तहत स्वच्छ सुंदर शौचालय पुरस्कार के प्रत्येक विजेता हितग्राही को 5001 रूपये का पुरस्कार दिया जाएगा, इसके लिए जिला स्तर पर दस-दस हितग्राहियों का चयन किया जाएगा।‘स्वच्छ सुंदर सामुदायिक शौचालय पुरस्कार’ जिला एवं राज्य स्तर पर दिए जाएंगे। जिला स्तर की विजेता ग्राम पंचायत को 21 हजार रूपये और राज्य स्तरीय विजेता पंचायत को एक लाख रूपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट शेग्रिगेशन शेड के लिए चयनित ग्राम पंचायत को एक लाख रूपये दिये जायेंगे। माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के लिए दो श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया जायेगा। जिला स्तर की विजेता पंचायत को 21 हजार रूपये और राज्य स्तरीय विजेता को 51 हजार रूपये के पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने बताया कि विद्यार्थियों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने स्कूलों के माध्यम से उत्कृष्ट निबंध सृजन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला स्तर पर पूर्व माध्यमिक और हाईस्कूल दो अलग-अलग वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता के दोनों वर्गों के विजेताओं को 21 हजार रूपये, 11 हजार रूपये और पांच हजार रूपय क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, प्रविष्टी जमा करने की अंतिम तारीख 15 अगस्त रखी गई है। निर्धारित प्रारूप में आवेदन फोटो के साथ संबंधित जनपद पंचायत के माध्यम से भेजी जा सकती है।
