- विधायक प्रतिनिधि ने खनिज रॉयल्टी चोरी पर घेरा विभाग को

पाटन। जनपद पंचायत पाटन की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को संपन्न हुई । इस बैठक में अपनी अपनी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सभी जनपद सदस्य काफी मुखर रहे। वहीं जनपद सदस्यों ने यह भी नाराजगी जताई कि जनपद की सामान्य सभा की बैठक में अधिकारी पूरी जानकारी के साथ उपस्थित नहीं होते। कई ब्लॉक के प्रमुख अधिकारी अपने प्रतिनिधि के रूप में जिसे भेजते हैं वह भी जवाब देने में असफल रहते हैं। ऐसे में क्षेत्र की समस्याओं के बारे में चर्चा नहीं हो पाती। इसे लेकर भविष्य में सभी ब्लॉक मुख्यालय के अधिकारियों को जनपद की सामान्य सभा की बैठक में पूरी जानकारी के साथ मौजूद रहने की मांग भी सदस्यों ने की है।
जनपद पंचायत पाटन की बैठक की अध्यक्षता में बुधवार को जनपद पंचायत पाटन के अध्यक्ष कीर्ति नायक ने की । बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी आईएएस अधिकारी पठारे अभिजीत बबन के साथ-साथ उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा ,विधायक प्रतिनिधि जवाहर वर्मा के अलावा सभी जनपद सदस्य, सभापति एवं अधिकारी भी मौजूद रहे। जनपद सदस्यों ने सबसे पहले अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इसके अलावा सभी सदस्यों के साथ बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा भी की गई। क्षेत्र में खेती किसानी के दिन आ गए हैं और सोसाइटियों में खाद की संकट को लेकर सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखी।
किसानो की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्य आनंद बघेल, विधायक प्रतिनिधि जवाहर वर्मा, दिनेश साहू ,उर्वशी वर्मा, रश्मि वर्मा ने मुख्य रूप से सोसाइटी में खाद नहीं है जिसके कारण किसानों को होने वाली समस्याओं से अवगत कराया। इस पर जल्द से जल्द सेवा सहकारी समितियां में खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
विधायक प्रतिनिधि जवाहर वर्मा ने क्षेत्र के चुना पत्थर खदानों में एक ही रॉयल्टी पर्ची में कई बार परिवहन कर रॉयल्टी चोरी के मुद्दा को सदन में प्रमुख रूप से रखा साथ ही उन्होंने कहा कि भारत माला परियोजना के तहत बन रहे सड़क से सही रॉयल्टी मिलने पर 15 करोड़ की रॉयल्टी पाटन को मिल सकती है। खनिज विभाग के मिलीभगत के कारण क्षेत्र में बिना रॉयल्टी के परिवहन हो रहा है। अवैध मुरूम खनन आदि चल रहा है। इसका ताजा उदाहरण कल देखने को मिला राजस्व विभाग द्वारा खनिज विभाग को बिना सूचना दिए करवाई करने पर अवैध खनन करते और परिवहन करने वालों पर करवाई हुई।
जनपद सभापति प्रणव शर्मा ने ग्राम राखी में नल जल योजना का कार्य पूर्ण नहीं है इसे जल्द पूरा करने की मांग किया। उन्होंने पाटन ब्लॉक के स्कूलों में शिक्षकों की समस्याओं को भी सदन पर रखा।
जनपद सदस्य दिनेश साहू ने नल जल योजना अपूर्ण एवं पाइपलाइन अभी तक नहीं बिछी है इसके बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने अपने क्षेत्र के सभी गांव में जल्द से जल्द नलजल योजना का कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के लिए भी सदन में बात रखी। आनंद बघेल ने अचानकपुर हाईस्कूल में बच्चे कम हो रहे हैं इसके बारे में बात रखी। उन्होंने कहा कि अचानकपुर स्कूल में ग्राम अचानकपुर और ढौर के बच्चे पढ़ते हैं लेकिन सेलूद के स्कूल में ग्राम ढौर के बच्चों का एडमिशन लिया जा रहा है जिसके कारण ढौर के बच्चे अचानकपुर नहीं आ रहे हैं ।ऐसे में अचानकपुर स्कूल में बच्चे कम हो रहे हैं । हाई स्कूल अचानकपुर में बच्चों की संख्या बढ़े इसके लिए उन्होंने मांग किया है की सेलूद स्कूल में ग्राम ढौर के बच्चों का एडमिशन न लिया जाए जिससे कि अचानकपूर स्कूल में वहां के बच्चे पढ़ सके।
इसके अलावा जनपद पंचायत पाटन के अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने बताया कि जनपद सदस्यों के सभी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया एवं सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है की प्राथमिकता के आधार पर सभी जनपद सदस्यों के क्षेत्र से जो भी समस्या आई है उनको जल्द से जल्द उन समस्याओं को दूर करें। बैठक में प्रमुख रूप से जनपद सदस्य गण अधिकारी गण मौजूद रहे।
