घास भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर बोरेंदा ग्रामीण पहुँचे तहसील कार्यालय, सीमांकन व कार्रवाई की माँग

पाटन। ग्राम पंचायत बोरेंदा में स्थित घास भूमि पर अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। गाँव के ही एक व्यक्ति द्वारा जेसीबी मशीन से उक्त भूमि पर कब्जा किया जा रहा है, जिसे रोकने के लिए बुधवार को सरपंच कामेश कश्यप, उपसरपंच आकाश यादव, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुँचे।

ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए खसरा क्रमांक 671/4 एवं 666 की भूमि का तत्काल सीमांकन कराने व वर्तमान में जारी अतिक्रमण को रोकने की माँग की। ज्ञापन में बताया गया कि यह भूमि ग्रामीणों की निस्तारी की ज़मीन है, जहाँ से गाँव के लोग पेयजल हेतु बोर का उपयोग करते हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह ने तत्काल आर आई को कार्य बंद करवाने के निर्देश दिए इसके साथ ही दो दिवस के भीतर सीमांकन करने का आश्वासन ग्रामीणों को दी गई ।

सरपंच कामेश कश्यप ने बताया कि गाँव के ही जयसिंह पिता कोमलसिंह द्वारा उक्त भूमि को अपनी निजी ज़मीन बताते हुए कब्जा किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता में यह पंचायत की सार्वजनिक भूमि है। ग्रामवासियों का कहना है कि यह भूमि लगभग 3.5 एकड़ है, किंतु कब्जे की कोशिश 5 से 6 एकड़ तक की जा रही है।

इस अवसर पर जागेश्वर साहू, देवचरन मार्कण्डेय, शारदा साहू, अश्वनी साहू, नरेंद्र साहू, गौतम लाल, कमला, दौपदी साहू, शांति साहू, कुंती साहू, पिरेनी बाई, चुन्नी साहू, हेमलता साहू, नीरा बाई, सीता यादव, रमेश्वरी, फेकन बाई, लक्षणि साहू, लता, भगवती सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *