भनसुली आर में 17 दिनों बाद भी नहीं हुआ राशन वितरण में, ग्रामीणों में आक्रोश

जामगांव आर : छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा खाद्यान्न वितरण प्रणाली के तहत इस वर्ष ‘चावल उत्सव’ का आयोजन 1 जून से 7 जून तक पूरे प्रदेश में किया गया। इसके अंतर्गत प्रत्येक राशन कार्ड धारक परिवार को तीन माह का चावल एकमुश्त वितरण करने की व्यवस्था की गई थी। इसका उद्देश्य प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद वर्ग को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना था ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।लेकिन पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत भन्सुली (आर) और उसके आश्रित ग्राम मोहभट्ठा में आज 17 जून तक भी चावल वितरण प्रारंभ नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों में गहरी नाराजगी और आक्रोश का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि शासन की ओर से चावल उपलब्ध करा दिए जाने की जानकारी अन्य गांवों में है, परंतु उनके गांव में अभी तक न तो वितरण की कोई सूचना दी गई है और न ही संबंधित राशन दुकान में वितरण प्रारंभ हुआ है।ग्रामीणों ने बताया कि कई परिवारों के घरों में चावल समाप्त हो चुका है और वे कठिनाई का सामना कर रहे हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि राशन दुकान संचालक व पंचायत प्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र राशन वितरण कराया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों व राशन विक्रेता पर कार्रवाई की जाए। साथ ही राशन देरी की जांच कर दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी समस्या का सामना न करना पड़े।यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दे रहे हैं।

इस संबंध में पाटन के जानकारी लेने पर खाद्य निरीक्षक रामनारायण साहू ने कहा यह पंचायत की लापरवाही है कल बुधवार से राशन वितरण प्रारम्भ हो जायेगा ।
जनपद सदस्य रामकुमार चंद्राकर ने कहा राशन कार्डधारी को समय पर राशन मिलना चाहिए अभी तक राशन नहीं दिए जाने पर जिम्मेदारो के उपर शक्त कार्यवाही होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *