पाटन। भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और पराक्रम को सम्मान देने हेतु छत्तीसगढ़ सरकार के आह्वान पर आज 17 मई 2025 को ग्राम पंचायत पतोरा में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा शाम 5 बजे ग्राम के मुख्य द्वार से प्रारंभ होगी।
इस आयोजन में लोकसभा सांसद विजय बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। जनपद सदस्य चंद्रिका चित्रसेन देवदास ने बताया कि यह यात्रा आमजन द्वारा वीर सैनिकों को सम्मान देने की एक प्रेरणादायक पहल है।

सरपंच भूनेश्वर साहू ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से ग्रामवासियों के बीच राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश प्रसारित होगा।
भाजपा के पूर्व मण्डल अध्यक्ष खेमलाल साहू ने बताया कि यह यात्रा पूरे गांव में निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और महिला समूह भाग लेंगे। सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक ने सभी क्षेत्रवासियों से इस तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है, ताकि देश की आन, बान और शान को एक स्वर में नमन किया जा सके।
