अहिवारा में पूर्व संसदीय सचिव के पुत्र एवं कांग्रेस पार्षद सहित 10 लोग जुआ खेलते पकड़ाए

भिलाई। नंदिनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाड़ी में जुआ खेल रहे 10 लोगों को सीएसपी दुर्ग के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापा मारकर पकड़ा। दुर्ग पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर की सूचना पर दुर्ग सीएसपी विवेक शुक्ला ने इस कार्यवाही को अंजाम दिया। नंदिनी क्षेत्र के उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, थाना प्रभारी व स्टॉफ को इस कार्यवाही की भनक तक नहीं लग पाई। पकड़े गए लोगों में पूर्व संसदीय सचिव के पुत्र सहित वतर्मान कांग्रेस पार्षद और नगर के कई चर्चित चेहरे शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्यवाही को संज्ञान मे लेते हुए थाना प्रभारी को नोटिस जारी किया है वहीं पेट्रोलिंग टीम में चलने वाले स्टाफ को लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया है। पुलिस ने इन जआरियों से 113000 रूपये नगद एवं 11 मोबाइल, 9 मोटरसायकल जब्त की है। जानकारी के अनुसार नंदिनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अहिवारा नहर लाइन के समीप स्थित बाड़ी में लंबे समय से जुआ खेलने की शिकायतें मिल रही थी। पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर के अनुसार नंदिनी थाना क्षेत्र के अहिवारा इलाके में दुकानों और बाडिय़ों में जुआ खेलने की शिकायतों के पुख्ता सूचना पर से दुर्ग सीएसपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में दुर्ग शहर से पुलिस टीम को सादे वेशभूषा में निजी वाहनों में जुआ खेलने वाले स्थल पर रवाना किया गया। सीएसपी विवेक शुक्ला ने इस कार्यवाही को इतनी गोपनीयता से अंजाम दिया कि बाड़ी के अंदर जुआ खेल रहे लोगों को पुलिस के आने की सूचना तक नहीं मिल पायी। पुलिस ने जुआ खेलते पूर्व संसदीय सचिव के पुत्र सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *