पीएम श्री विद्यालयों के विज्ञान व्याख्याता का पूणे कार्यशाला के लिए चयन

खबर हेमंत तिवारी

गरियाबंद/पीएम श्री सेजस स्कूलों के अलग-अलग विषयों के व्याख्याता का चयन स्टेम यानी साइंस प्रौद्योगिकी इंजीनियरिंग एवं गणित विषयों के प्रशिक्षण के लिए किया गया है । राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित संस्थानों में शिक्षकों के कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत तृतीय एवं चतुर्थ चरण में चयनित पीएम श्री विद्यालयों से 132 व्याख्याता भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान पुणे में आयोजित 5 दिवसीय कार्यशाला में सहभागिता देंगे । इसमें गरियाबंद जिले से व्याख्याता संध्या ठाकुर का चयन किया गया है । यह कार्यशाला समग्र शिक्षा रायपुर ने आयोजित की है । इसमें आशीष गौतम पीएम श्री समन्वयक छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में 132 व्याख्याता की टीम 25 अप्रैल को पुणे के लिए प्रस्थान करेगी । कार्यशाला में विज्ञान के विभिन्न विषयों पर संस्थान के वैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। भाग लेने वाले व्याख्याताओं द्वारा प्रस्तुति भी दी जाएगी । केंद्र सरकार ने कई सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा मुहैया कराने के लिए पीएम श्री स्कूलों की शुरुआत की है । अब इन स्कूलों में संसाधन उपलब्ध कराने के साथ यहां के शिक्षकों को भी प्रशिक्षित करने की पहल की जा रही है । इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या वंदना पाण्डेय , विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी गरियाबंद – गजेंद्र ध्रुव , ज़िला मिशन समन्वयक – के. एल. नायक एवं ज़िला शिक्षा अधिकारी – ए. के. सारस्वत सर ने व्याख्याता को अग्रिम शुभकामनाएं दी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *