–विक्रम शाह ठाकुर की रिपोर्ट
कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी में चुनाव प्रचार पूरे उफान पर है। चुनाव प्रचार प्रसार से लेकर जनसंपर्क में भारतीय जनता पार्टी काफी आगे चल रही है वहीं संगठन अलग काम कर रहा है, तथा सभी प्रत्याशी पूरी उर्जा के साथ जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं। अध्यक्ष प्रत्याशी मीना वर्मा के व्यवहार से लोग खासे प्रभावित है। अध्यक्ष प्रत्याशी मीना वर्मा ने गुरुवार को पार्षद प्रत्याशी गोविंद बघेल व सुजीत यादव के साथ वार्ड 7, 8, 9 सहित विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क किया। वे एक एक घर गई और लोगों से भाजपा के लिए वोट मांगा।
गुरुवार दोपहर के वक्त अध्यक्ष प्रत्याशी मीना वर्मा, गोविंद बघेल व सुजीत यादव जैसे ही जनसंपर्क में लोगों के बीच पहुंचे लोगों का हूजूम साथ होने लगा। खासकर महिलाएं बड़ी तादाद में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करती हुई साथ चल रही थी। महिलाओं का उत्साह देखते बन रहा था। भाजपा प्रत्याशी घर घर जाकर लोगों से मिल रहे थे और उन्हें भगवा गमछा पहनाकर भाजपा के लिए वोट करने की अपील कर रहे थे। साथ ही यह भी बता रहे थे कि बीते 10 साल में कांग्रेस की शहर सरकार ने कुम्हारी के विकास को किस तरह अवरुद्ध कर दिया था। शहर सरकार ने स्वयं का ही विकास किया, शहर का विकास होने ही नही दिया। भारतीय जनता पार्टी की शहर सरकार बनी तो कुम्हारी का सर्वांगीण विकास पहली प्राथमिकता होगी।
लोगों ने इस बात की शिकायत की कि मूलभूत सुविधाओं पर शहर सरकार ने ध्यान नहीं दिया। पानी, बिजली, नाली, सड़क के लिए लोगों को तरसना पड़ा। पानी की समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। सड़के नहीं बनी, जो बनी उसका कभी संधारण नहीं हुआ।
अध्यक्ष प्रत्याशी मीना वर्मा ने आम जनता को विश्वास दिलाया कि यदि वह चुनाव जीतती हैं तो कुम्हारी का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वहीं वार्ड 8 के भाजपा प्रत्याशी गोविंद बघेल ने दावा किया कि कुम्हारी में भाजपा की लहर है तथा भाजपा अध्यक्ष सहित 24 वार्डों में भाजपा चुनाव जीतेगी।
