सीएम हाउस में हरेली पर्व की धूम,मुख्यमंत्री ने गेड़ी चढ़ने के बाद चलाया भौरा

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की बधाई और शुभकामनाएं दी। आज सीएम हाउस में हरेली पर्व की धूम देखने को मिला । सीएम भूपेश बघेल ने सीएम हाउस में कृषि उपकरणों की पूजा की, इसके बाद सीएम ने गायों को तिलक लगाकर चारा-अन्न और कलेवा खिलाया। सीएम हाउस में पारंपरिक गीत-संगीत का भी आयोजन किया गया था। सीएम भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के राजकीय वन पशु ‘वन भैंसा’ के चित्र का भी अनावरण किया । सीएम भूपेश बघेल गेड़ी चढ़े इसके बाद उन्होंने नीम पत्तियों को चौखट पर लगाया और भौंरा भी चलाया।

सीएम भूपेश बघेल ने कहा इस वर्ष हरेली त्योहार प्रदेश वासियों के लिये गोधन न्याय योजना की सौगात लेकर आ रहा है। गोधन न्याय योजना के’ तहत हर गांव में गोठान समिति और स्वंयसेवी समूह बनाए जाएंगे। लोगों से 2रु./किलो के हिसाब से गोबर खरीदा जाएगा। गोबर से बनने वाली वस्तुओं का निर्माण किया जाएगा, प्रमुख रूप से वर्मी खाद 8रु./किलो के हिसाब से सरकार द्वारा खरीदी जाएगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हरेली पर्व पर आज यहां अपने निवास में चार किसानों से 48 किलो गोबर की खरीदी की और किसानों को दो रूपए के हिसाब से 96 रूपए का भुगतान कर गोधन न्याय योजना की प्रदेशव्यापी शुरूआत की। ये किसान रायपुर जिले के अभनपुर विकासखण्ड के ग्राम नवागांव से आए थे। मुख्यमंत्री ने नवागांव गौठान समिति के जय छत्तीसगढ़ महिला स्व-सहायता समूह के लिए नवागांव के श्री कृष्ण कुमार चक्रधारी, पीलू राम ध्रुव, सेवक राम साहू और शिव नारायण साहू से गोबर खरीदा। मुख्यमंत्री ने स्वयं गौठान समिति के रजिस्टर में गोबर खरीदी की मात्रा भी दर्ज की और गोबर विक्रेता किसानों को गोबर बिक्री का कार्ड भेंट किया। विक्रेता किसानों को दिए गए कार्ड में उनके द्वारा रोज बेचे जाने वाले गोबर की मात्रा दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *