देवरीबंगला / प्रदेश में आदिवासी समाज के मुख्यमंत्री है। उनका दृढ़ निश्चय है कि छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति करें। आदिवासी समाज आगे बढ़े। छत्तीसगढ़ के आदिवासी मुख्यमंत्री प्रदेश को विकास में निरंतर आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं।

उक्त उद्गार ग्राम पीनकापार में आयोजित अखिल भारतीय हलबा हलबी आदिवासी समाज केंद्रीय महासभा का 84 वां स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में समाज आगे बढ़े। आदिवासी समाज के महापुरुषों ने छत्तीसगढ़ को दिशा दिखाने का कार्य किया है। आदिवासी हलबा समाज सामाजिक समरसता का कार्य कर रही है। आदिवासी समाज अब रुकने वाला नहीं है, दिल्ली तक आगे बढ़ेगा। आदिवासी हलबा समाज की प्रत्येक मांग पर सरकार विचार करेगी। समाज के शहीद गेंदसिंह नायक को पूरा सम्मान मिलेगा। विधायक कुंवरसिंह निषाद ने कहा कि समाज के मंच में बैठकर सामाजिक समरसता, एकता व रीति रिवाज पर विचार कर समाज को आगे बढ़ाएं। समाज प्रत्येक व्यक्ति के लिए अनिवार्य है।

केंद्रीय महासभा के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र माहला ने कैबिनेट मंत्री से राजधानी रायपुर में समाज की गतिविधियों को संचालित करने के लिए 5 एकड़ जमीन की मांग की। उन्होंने समाज के शहीद गेंदसिंह नायक के नाम पर राज्य स्तर पर पुरस्कार देने तथा राजधानी में शहीद की प्रतिमा स्थापना की मांग की। डॉ. माहला ने केंद्रीय महासभा की गतिविधियों से अवगत कराया। केंद्रीय महासभा की स्थापना दिवस समझ में जिला पंचायत सदस्य चंद्रप्रभा सुधाकर, गिरवर सिंह ठाकुर, चिदाकाश आर्य, कमल कोसमा, प्रकाश आर्य, सियाराम चनाब, ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वरलाल भूआर्य, रामलाल नायक, इंदू भूआर्य, सरपंच सोमिन भूआर्य, दुर्गा ठाकुर, संतोषी ठाकुर सहित विभिन्न प्रदेशों से आए समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे। स्थापना दिवस समारोह में समाज की प्रतिभाओं का सम्मान तथा समाज के 75 युवाओं ने रक्तदान किया।
