छग के कर्मचारियों-अधिकारियों को वार्षिक वेतन वृद्धि मिलने का रास्ता साफ, जुलाई में मिलेगी वार्षिक वेतन वृद्धि, मुख्यमंत्री ने दी बड़ी राहत, छग शालेय शिक्षक संघ ने जताया आभार,,

रायपुर – मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य शासन के अधिकारी-कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। कोरोना संकट के कारण राज्य शासन के अधिकारी एवं कर्मचारियों की वार्षिक वेतनवृद्धि विलंबित की गई थी, जिसे बहाल करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दे दिए हैं। छग शालेय शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
छग शालेय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने बताया कि छग शालेय शिक्षक संघ सहित अन्य कर्मचारी-अधिकारी संगठनों द्वारा वार्षिक वेतन वृद्धि रोक वाला आदेश वापस लेने की मांग सरकार से लगातार की जा रही थी। मुख्यमंत्री ने कर्मचारी संगठनों की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए वेतनवृद्धि निर्धारित तिथि पर ही देने और इसकी एरियर्स राशि का भुगतान छह माह बाद करने पर अपनी सहमति प्रदान की है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय का हम स्वागत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य शासन के अधिकारियों-कर्मचारियों को जिन्हें एक जुलाई को वेतनवृद्धि मिलती हैै। उन्हें वेतनवृद्धि एक जुलाई को ही मिलेगी, परन्तु जुलाई से दिसम्बर माह तक की वेतनवृद्धि की एरियर्स राशि का भुगतान आगामी जनवरी माह में एकमुश्त किया जाएगा। इसी प्रकार जिन अधिकारी-कर्मचारियों की वेतनवृद्धि एक जनवरी को लगती है, उनको एक जनवरी को ही वेतनवृद्धि मिलेगी और उनकी एरियर्स राशि का भुगतान छह माह बाद आगामी जुलाई माह में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *