रायपुर. राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास के सामने एक युवक ने खुद को आग लगा लिया। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल युवक को बचाने की कोशिश की है और युवक को रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया गया है। युवक ने सीएम निवास के सामने आत्महत्या करने की कोशिश क्यों की इसकी जांच की जा रही है।
पूरी घटना रायपुर के मुख्यमंत्री निवास के पश्चिम गेट के पास हुई, जहां एक शख्स ने खुद को आग लगा लिया। बताया जा रहा है कि आग लगाने वाला युवक धमतरी का रहने वाला है। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल युवक को बचाने की कोशिश की फिर भी युवक आग में झुलस गया है। जानकारी के मुताबिक युवक 50 फीसदी झुलस गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना दोपहर 2:15 बजे की है. युवक का नाम हरदेव सिन्हा (27 वर्ष) है, जो कि धमतरी के अर्जुनी थाना इलाके के तेलिन सत्ती गांव का रहने वाला है. हरदेव सिन्हा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वो 12वीं पास है. उसके पास रोजगार नहीं है. जिस कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहा है. रोजगार के सिलसिले में मुख्यमंत्री निवास आया था. मुलाकात नहीं होने पर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

