बालोद। आजादी के बाद पचास से अधिक वर्षों तक देश में राज करने वाली कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की हमेशा विरोधी रही है और इस पार्टी ने लोकतंत्र को कुचल देने, उसका गला घोट देने का हमेशा काम किया है। वर्ष 1975 में लागू काला आपातकाल इसी का सबसे बड़ा उदाहरण है। कांग्रेस पर तीखे हमले करते हुए दर्ग संसदीय क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने कहा है कि वर्ष 1975 का आपातकाल आजाद देश के लोगों की आजादी छीन लेने और संविधान की धज्जियां उड़ा देने वाला इतिहास का काला अध्याय है। तानाशाह, अहंकारी और मानव सभ्यता को कुचल देने की सोच रखने वाले लोगों ने आम जनता को अपने पैरों के तले कुचल देने, आम जनता से अपना हर एक आदेश मनवाने के लिए यह आपातकाल लागू किया और ऐसी ओछी क्रूर तानाशाही मानसिकता वाले लोगों को यह आपातकाल अच्छा लगता है।
सांसद विजय बघेल ने आपातकाल विरोध दिवस के दिन भाजपा के द्वारा बालोद जिले में आयोजित पत्रवार्ता में बोलते हुए उक्त बाते कही कि आपातकाल के दौरान जयप्रकाश नारायण, मोरारजी भाई देसाई. अटल बिहारी वाजपेयी, के. आर. मलकानी, लाल कृष्ण अडवानी, अरूण जेटली, जार्ज फर्नाडिस, नीतीश कुमार, सुशील मोदी, रामविलास पासवान, शरद पवार, रामबहादुर राय आदि गिरफ्तार रहें और गुजरात के प्रकाश ब्रम्हभट्ट, हरिन पाठक, नलिन भट्ट समेत समूचा विपक्ष जेल में था। भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने के तीनों भाई 19 महीने तक जेल में रहें। इन महापुरूषों ने आजादी के बाद की इस लड़ाई में अपना और अपने पूरे परिवार के लोगों का जीवन, धन धान्य, वैभव को सबकुछ दांव पर लगा दिया । आपातकाल का डटकर विरोध करने वालों, इसे हटाने के लिये अपने जान की बाजी लगा देने वालों को शत्-शत् नमन है।
सांसद विजय बघेल ने आरोप लगाते हुये कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से लोकतंत्र की विरोधी रही हैं। इस पार्टी में एक ही परिवार के लोगों ने हमेशा सत्ता पर कब्जा बनाये रखने की कोशिश की। उसकी परिवारवाद की नीतियों के चलते देश की जनता ने उसे सत्ता से खदेड़ दिया है। एक परिवार की पार्टी कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई है तो उस पार्टी पर उसका परिवारवाद हावी हो गया है। इस पार्टी में दूसरे किसी के आगे बढ़ने की कही जगह नही है। उस परिवार ने जो बोल दिया कांग्रेस के सभी को वही करना है। इससे जयप्रकाश नारायण जी के संरक्षण में बनी विभिन्न पार्टियों का संगठन जनता पार्टी जिसनें आपातकाल से निजाद दिलाने के लिए लड़ाई लड़ने वाले सामूहिक नेतृत्व वाली जनता पार्टी को लोगों ने 1977 में अभूतपूर्व विजय दिलाई और यह भारत के दूसरी आजादी के रूप में संविधान के पन्नों पर अंकित हैं। आज इसी के अनुरूप नरेन्द्र मोदी निरंतर इस देश की अखण्डता एकता को बनाये रखते हुये एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण में लगे हुए है।
