बेमेतरा. जिले में सोमवार को कोरोना के दो नए मरीज मिले हैं। दोनों ही मरीज बच्चे हैं। पांच साल की बच्ची और 11 साल के लड़के की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साजा ब्लॉक के सोमई कला गांव में पॉजिटिव पाए गए लड़के के माता-पिता कुछ दिन पहले ही हरियाणा से लौटे थे। साजा बीएमओ डॉ अश्वनी कुमार वर्मा ने बताया कि बालक और बालिका को उपचार के लिए कोविड अस्पताल रवाना कर दिया गया है। पांच वर्षीय बच्ची की माता एक दिन पहले ही कोरोना पॉजिटिव मिली थी।
सिंघौरी कटेंनमेंट जोन
बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्रमांक 13, सिंघौरी शीतला मंदिर के पास 21 जून की रात को कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने के उपरांत गस्ती चौक से सिंघौरी होते हुए कसार पेट्रोल पंप दुर्ग रोड तक तथा शीतला मंदिर से नगर पालिका कार्यालय तक कन्टेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। कन्टेनमेंट जोन में सभी दुकान/प्रतिष्ठान (मेडिकल को छोड़कर) को 22 जून से राजस्व विभाग एवं नगर पालिका विभाग द्वारा बंद कराया गया है। चिकन मटन मार्केट एवं थोक सब्जी मार्केट को सील कर दिया गया है।
