कुम्हारी।रविवार को प्रेस क्लब कुम्हारी के सभागार में कार्यशाला का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यशाला का विषय था -‘पत्रकारिता में कैरियर और चुनौतियां”। कार्यशाला में कुम्हारी, पाटन, भिलाई रायपुर एवं अहिवारा सहित आसपास के पत्रकारों व पत्रकारिता में रूचि रखने वाले विद्यार्थियों ने भाग लिया।प्रेस क्लब कुम्हारी के इस महती आयोजन में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपास्थित हरिभूमि भिलाई के ब्यूरोचीफ आलोक तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि-” प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता आज भी बनी हुई है , यही कारण है कि पाठक आज भी नियमित रूप से

अखबार पढ़ते हैं। उन्होंने पत्रकारों को पीत पत्रकारिता से बचने की सलाह दी और कहा कि किसी पर भी कोई आरोप लगाने अथवा तारीफ करने के पूर्व पूर्ण रूप से उसकी सत्यता से परिचित हों तभी कुछ लिखा जाना चाहिए।भिलाई टाइम्स के फाउंडर और संपादक यशवंत साहू ने अपने संघर्ष की दास्तां सुनाते हुए कहा कि पत्रकारिता में सफलता का कोई शार्टकट रास्ता नहीं होता। आपकी सतत् मेहनत ही आपको पैसा और नाम देगी। पोर्टल में खबर लगाते समय सीधे कापी-पेस्ट से हमेशा बचा जाना चाहिए।”इस अवसर पर युवा कवि व आलोचक डॉ. अंजन कुमार ने कहा -“मीडिया के मूल्य और सरोकार अब पहले जैसे नहीं रहे। बाजार और उपभोक्ता का माध्यम बन गया है मीडिया। बाजारवाद के दौर में कार्पोरेट पूंजी धीरे-धीरे समाचार चैनलों और अखबारों को एक-एक कर निगलती जा रही है।” प्रेस क्लब कुम्हारी के अध्यक्ष विक्रम शाह ठाकुर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया कि अखबार कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता लिखने वाले कि कलम में धार होनी चाहिए उन्होंने कहा कि कार्यशाला से पत्रकारों को सही रास्ता चुनने में मदद

मिलती है। लेखनी की ताकत से निश्चित ही समाज में बदलाव आ सकता है। हम भविष्य में भी पत्रकारों के लिए इस तरह की सार्थक कार्यशालाओं का आयोजन करते रहेंगे।इस कार्यशाला में जिज्ञासु पत्रकारों ने प्रिंट इलेक्ट्रॉनिक और वेब पोर्टल पर अतिथियों से कई प्रश्न पूछे जिसका समुचित उत्तर विषय विशेषज्ञों ने दिया।कार्यशाला का संचालन सुरेश वाहने और रविंद्र कुमार थापा ने किया। स्वागत उद्बोधन अनुज शुक्ला ने व आभार प्रदर्शन सचिव संजय श्रीवास्तव ने किया।—————————————————————–राष्ट्रीय जूनियर क्लासिक पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में भाग लेने कुम्हारी के पावर लिफ्टर्स गोवा रवाना(फोटो संलग्न)कुम्हारी । स्थानीय जय हनुमान व्यायामशाला के प्रशिक्षक प्रदीप झा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय जूनियर क्लासिक पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता जो कि आगामी 27 सितम्बर से 29 दिसम्बर को गोवा (महाराष्ट्र) में होने जा रहा है इसमें भाग लेने के लिए नगर के छह प्रतिभाशाली युवा जूनियर/सब जूनियर पावर लिफ्टर्स जिसमे विवेक शाह, एन.साई कार्तिक, थानेश्वर धीवर (बिल्ला), देव कुमार, काजल सिंह एवं खुशी सिंह गोवा रवाना हुए । कोच प्रदीप झा ने बताया कि जय हनुमान व्यायाम शाला के कई खिलाड़ियों ने प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन कर गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक जीते हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस प्रतियोगिता में भी खिलाड़ी बेहतर खेल का प्रदर्शन के मैडल जीत कर आएंगे। ज्ञातव्य हो कि विगत माह पूर्व राज्यस्तरीय जूनियर क्लासिक पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता बनी खुशी सिंह के साथ नगर भी गौरवान्वित हुआ था इसी प्रकार इस राष्ट्रीय जूनियर क्लासिक पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक के प्रति सभी युवा प्रतिभाओं से नगर के साथ प्रदेश भी आशान्वित है ।—————————————————————–गुजराती समाज ने मनाया रामदेव बाबा का जन्मोत्सव(फोटो संलग्न)कुम्हारी । स्थानीय गुजराती समाज के अध्यक्ष हरीश भाई गोहिल ने बताया कि विगत 14 वर्षों से राजस्थान वाले रामदेव बाबा जी के सिद्धांतों उपदेशों का अनुसरण कर उनके समस्त अनुयायी अत्यंत श्रद्धा, भक्ति, भाव से जन्मोत्सव मानते चले आ रहे हैं । रविवार को सुबह से ही भजन, पूजन एवं हवन आदि संपन्न कराया गया, तत्पश्चात कार्यक्रम में समाज के समस्त महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने अत्यंत हर्षोल्लास पूर्वक ढोल ताशे के साथ बाबा का विशाल तैल चित्र एवं कलश के साथ शोभा यात्रा निकाली । वार्ड क्रमांक 10 एवं 15 की परिक्रमा कर यह यात्रा गुजराती भवन के कार्यक्रम स्थल पर पहुंची जहां पर बाबा की संध्या आरती की गई । रात्रि 7:30 बजे से सार्वजनिक महाप्रसाद का वितरण किया गया । बाबा के जन्मोत्सव कार्यक्रम का समापन सोमवार को प्रातः दस बजे गुजराती भवन स्थित मन्दिर में उद्यापन के उपरांत सम्पन्न किया गया ।
