नियमित योग से ही मिलेगी निरोगी काया

खबर हेमंत तिवारी

छुरा :- वसुधैव कुटुंबकम, *एक विश्व एक स्वास्थ्य* थीम पर आधारित *हर घर आंगन योग* के संदेश के साथ नवम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विकासखंड मुख्यालय के आदर्श पूर्व माध्यमिक शाला छुरा प्रांगण पर हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। नगर पंचायत अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष तोकेश्वरी माझी, भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष राजेश साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम.एल. वर्मा, पतंजलि भारत स्वाभिमान न्यास जिला प्रभारी यशवंत यादव, देव सिंह रात्रे द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छाया चित्र पर कुमकुम पुष्प अर्पित किया गया। पश्चात राजकीय गीत के साथ योगाभ्यास प्रारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ योग आयोग के मास्टर ट्रेनर्स शंकर लाल यदु, अर्जुन धनंजय सिन्हा, संतराम कंवर एवं मिथलेश सिन्हा द्वारा प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया। संगठन मंत्र, सूक्ष्म व्यायाम, खड़े होकर, पेट के बल, पीठ के बल, बैठकर किए जाने वाले आसनों को विधिपूर्वक, निहित समयावधि में अभ्यास कराया गया। आसनों के लाभ, सावधानियां, विधि, नियम को भी व्यवस्थित तरीके से बताया गया। उद्गीत, भस्त्रिका, नाड़ीशोधन, कपालभाति, भ्रामरी , शीतली प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योगाचार्यों द्वारा स्वस्थ रहने के महत्वपूर्ण सूत्र बताया गया। उन्होंने आगे कहा कि संतुलित, सात्विक आहारचर्या एवं नियमित योगाभ्यास निरोगी काया प्राप्ति का सरल, सहज मार्ग है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश साहू ने कहा कि योग ऋषि मुनियों की देन है। प्राचीन काल में योग, जप, ध्यान, यज्ञ के माध्यम से देवत्व की उत्पत्ति होती थी। योग हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को जीवन में अपनाना चाहिए। पतंजलि भारत स्वाभिमान न्यास जिला प्रभारी यशवंत यादव ने कहा कि वेदों में मनुष्य के लिए चार पुरुषार्थ- धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष निर्धारित है। चारों पुरुषार्थ की सिद्धि नियमित रूप से योगाभ्यास से पूरी की जा सकती है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. एल. वर्मा ने कहा कि मानव जीवन के चार सोपान शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, आत्मिक होते हैं। इन सोपानों में संतुलन बनाए रखने के लिए योग नितांत आवश्यक है। शास्त्रों में यह भी कहा गया है कि प्रथम सुख निरोगी काया। निरोगी काया की प्राप्ति भी योग से ही संभव है। हम सब को नियमित दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सफल संचालन योगविद अर्जुन धनंजय सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी कयाराम यादव, हेमलाल कंवर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग नोडल अधिकारी रेवेन्द्र दीक्षित, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य के.के. साहू, समाजसेवी मनोज पटेल, शीतल ध्रुव, रोशन देवांगन, सरस्वती शिशु मंदिर प्रधानाचार्य संतोष वर्मा, व्याख्याता विनोद देवांगन, कैलाश पटेल, केशव साहू, चंद्रभूषण निषाद, डोमेश्वर ध्रुव, विकास सोनी, वीरेन्द्र ठाकुर, जितेन्द्र पाटकर, कमलेश सिन्हा, कृषि विभाग से आर. एल. ठाकुर, नगर पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी, कर्मचारीगण, शिक्षक, शिक्षिकाएं सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *