
रायपुर। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संध के आवाहन पर सोमवार 15 मई से जारी प्रांत व्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन के तीसरे दिन पूरे प्रदेश में आंदोलन शत-प्रतिशत सफल है। राजस्व विभाग के कार्य ठप पड़े हुए हैं। आम जनता परेशान है। रजिस्ट्री,जाति, मूल निवासी, राजस्व प्रकरणों के नामांतरण, बंटवारा, जन्म मृत्यु विवाह प्रमाण पत्र जैसे प्रकरण हजारों की संख्या में लंबित हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडीं के निर्देश पर आम आदमी पार्टी के प्रांतीय सचिव उत्तम जायसवाल, लोकसभा प्रभारी विजय गुरबक्सनी, जिला अध्यक्ष नंदन कुमार सिंह, जिला सचिव विजय कुमार झा ने नवा रायपुर तूता धरना स्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों का हौसला अफजाई किया। श्री झा ने आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप पार्टी ने जायज मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल एवं श्री जयसिंह अग्रवाल राजस्व मंत्री से की है। क्योंकि इससे प्रदेश के करोड़ों जनता का हित जुड़ा हुआ है एवं प्रदेश के नागरिक आंदोलन से परेशान हैं। तो दूसरी ओर राज्य सरकार को प्रतिदिन करोड़ों रुपए की आर्थिक शक्ति भी हो रही है। उन्होंने कहा है कि राजस्व विभाग में अफसरशाही के कारण भेदभाव की नीति चल रही है। जब राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार, तहसीलदार के पदोन्नति आदेश जारी हो सकते हैं, तो फिर पटवारियों के रिक्त राजस्व निरीक्षक के पद उपलब्ध होने के बाद भी पदोन्नति क्यों नहीं हो रही है। यह चिंतन का विषय है। एक तरफ मुख्यमंत्री भेंट मुलाकात में गांव गांव जा रहे हैं तो दूसरी ओर बेतहाशा गर्मी में तपती धूप में पटवारी अपनी मांगों के लिए धरना प्रदर्शन करने हेतु बाध्य हैं। आम आदमी पार्टी ने शीघ्र पटवारियों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर उनके जायज मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग राज्य सरकार से की है।
