सेलूद। छत्तीसगढ़ ड्राइवर संघ द्वारा कोरबा जिला के कुसमुंडा में पार्षद एवं उनके साथियों द्वारा ड्राइवर के साथ किये गए मारपीट के सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग को लेकर संघ द्वारा मंगलवार को उतई थाना एवं एसडीएम पाटन को ज्ञापन सौपा।
ड्राइवर संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कोरबा जिला के कुसमुंडा में पार्षद अमरजीत सिंह एवं उनके साथी बंशी एवं अशोक द्वारा खदान परिसर में 13 अप्रैल को नीलकंठ कंपनी के ड्राईवर गिरधारी लाल नामदेव के ऊपर जानलेवा हमला कर अधमरा छोड़ दिया था। आरोपियों के द्वारा मारपीट किये जाने के कारण ड्राईवर गिरधारी लाल की स्थिति आज भी गंभीर बनी हुई है।
ड्राइवरों ने कहा हम लोग अपने परिवार को छोड़कर अपनी जान को जोखिम में डालकर आम जनता की सेवा में दिन रात मेहनत कर रहे है। सभी मौसम में आम जनता तक उसकी जरुरत की समाग्रियों को पहुंचाने का काम करते है। लेकिन ड्राईवरों के साथ सड़कों पर हमेशा दुव्यवहार का सामना करना पड़ता है। हम सब मांग करते है कि गिरधारी लाल के ऊपर जानलेवा करने वाले पार्षद एवं अन्य आरोपियों के ऊपर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाय एवं उनके ईलाज के लिए 5 लाख रुपये दिया जाए।
