कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित कार्यो को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये

लोकेश्वर सिन्हा@गरियाबंद। कलेक्टर प्रभात मलिक ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में जनशिकायतों एवं जनसमस्याओं के निराकरण की विभागवार समीक्षा कर लंबित प्रकरणों के निराकरण और निराकृत हो चुके प्रकरणों को टीएल सूची से विलोपित कराने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से जन शिकायत, जन चौपाल के शिकायत तथा समय सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार जानकारी लेते हुए त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मोबाईल मेडिकल यूनिट के माध्यम से शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्कूल-कॉलेज, आश्रम, छात्रावास, आंगनबाड़ी केन्द्रों के सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने को कहा। पौनी-पसारी योजना के तहत जो कार्य कराये जा रहे हैं, उसे समय-सीमा पर पूर्ण कराये। राजस्व अधिकारी अविवादित नामांतरण, बटवारा, भू-अर्जन के लंबित प्रकरण समय-सीमा के बाहर है तो उसे समय पर पूरा करे। उन्होंने जिले के सभी गौठानों में पानी की व्यवस्था करने, गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट बनाने के लिए निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने जिला परिवहन कार्यालय को नवीन कार्यालय भवन में शीघ्र शिफ्टिंग करने, देवभोग के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में बाउंड्रीवाल निर्माण करने के निर्देश दिये। इस दौरान वनमण्डलाधिकारी मणिवासगन एस, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रीता यादव, संयुक्त कलेक्टर भूपेन्द्र साहू, देवभोग एस.डी.एम अर्पिता पाठक, डिप्टी कलेक्टर  अनुपम आशीष टोप्पो,  टी.आर देवांगन सहित समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *