पाटन। क्षेत्र में पिछले चार दिनों से अचानक हुई बेमौसम बारिश से गेहूं, सरसों, मसूर व अरहर के फसल को भारी नुकसान होने को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। बारिश से मौसम काफी सर्द हो गया है। शनिवार की सुबह भारी बारिश एवं मंगलवार की सुबह हुई मूसलाधार बारिश से रवि फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
ग्राम अचानकपुर के किसान राजकुमार साहू, रोहित साहू, नारायण, होमन साहू, प्रताप साहू,पीताम्बर साहू, बैजनाथ साहू द्वारा लगाए गए गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है।
किसान राजकुमार साहू ने बताया कि बेमौषम बारिश से गेंहू एवं सरसों की फसल 40 प्रतिशत से अधिक खराब हो गई है। उन्होंने पटवारी एवं ग्राम सेवक से फसलों को हुई क्षति का मुआयना करने की मांग की है जिससे उनकी फसल की बीमा राशि मिल सके।
मंगलवार की सुबह बारिश एवं शाम को आसमान में बादल छाए हुए थे। हवा में नमी के कारण अचानक ठंड बढ़ने से जन जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। सुबह में घना कुहासा भी दिखा। हर दिन की तरह सड़क पर चहल पहल भी काफी कम है।
इन दिनों गेंहू, चना, मटर सहित रवि फसल अब पकने की कगार पर है, ऐसे में अगर बारिश होती है तो ये फसल चौपट हो सकती है। जिससे काफी नुकसान होगा। वहीं किसानों का कहना है कि इस साल रवि फसल काफी बेहतर है, लेकिन मौसम की मार के चलते नुकसान हो गया। दूसरी तरफ तरबूज, ककड़ी, खीरा, परवल सहित अन्य फसल बड़ी संख्या में पैदावार होता है, लेकिन इन दिनों बादल व बारिश से इसको भी नुकसान होने की बात कही जा रही है।
