स्कूल सफाई कर्मचारियों को बेरोजगारी भत्ता से भी कम मानदेय- 1 मार्च को स्कूल सफाई कर्मचारी एवं मध्यान भोजन रसोईया कर्मचारी नवा रायपुर में मुख्यमंत्री का घेराव करेंगे- विजय झा

* रायपुर छत्तीसगढ़ स्कूल सफाई अंशकालिक कर्मचारी संघ द्वारा विगत 10 वर्षों से नियमितीकरण करने, अंशकालिक से पूर्णकालिक घोषित करने, सेवा सुरक्षा प्रदान करने, मृतकों को अनुकंपा नियुक्ति देने, जैसी मांगों के लिए विरोध प्रदर्शन किया जा रहा हैं। इन मांगों की पूर्ति ना कर बेरोजगारी भत्ता से कम मानदेय मिलने से पूरे प्रदेश के 47 हजार स्कूल सफाई कर्मचारी आक्रोशित हैं। इसी प्रकार सभी जिलों से मध्यान भोजन रसोईया कर्मचारी भी नया रायपुर पहुंच रहे हैं दोनों संगठन आज 1 मार्च बुधवार को दोपहर 12 बजे नवा रायपुर धरना स्थल से मुख्यमंत्री कार्यालय मंत्रालय का घेराव करने कुच करेंगे। स्कूल सफाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष संतोष खांडेकर, संरक्षक विजय कुमार झा, प्रवक्ता प्रदीप वर्मा एवं राजेंद्र साहू ने बताया है कि 20 फरवरी 2023 को मंत्री परिषद ने प्रदेश के बेरोजगारों को ₹ 2500/- बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की है। दूसरी तरफ 12-15 वर्षों से कार्यरत स्कूल सफाई कर्मचारियों को मात्र 2000/- एवं ₹ 2200 का भुगतान किया जाता है। इससे परिवार का भरण पोषण संभव नहीं है। स्कूल में काम करने के बाद स्कूल सफाई कर्मी रोजी मजदूरी करने गांव में जाते हैं। सरकार के स्कूल सफाई कर्मचारियों के प्रति सोच, उनकी उपेक्षा, उनकी मांगों की ओर ध्यान न देने तथा बारंबार मांगों को कमेटियां बनाकर टालने से प्रदेश में इस चुनाव वर्ष में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। अपने आक्रोश से मुख्यमंत्री को अवगत कराने हेतु सभी जिलों से स्कूल सफाई कर्मचारी एवं मध्यान भोजन रसोईया कर्मचारी दांडी यात्रा करते हुए अपने अपने साधनों से कल बुधवार 1 मार्च को नवा रायपुर तूता धरना स्थल में हजारों की संख्या में स्कूल सफाई कर्मचारी एकत्रित होकर मुख्यमंत्री कार्यालय मंत्रालय का घेराव हेतु प्रस्थान करेंगे। इस धरना प्रदर्शन में श्रीमती छाया साहू श्रीमती ललिता अनंत, दुलारचंद कश्यप, प्रदेश पलंगे, गणेश बघेल, अनुसुईया सोनवानी, सुख चरण साहू के नेतृत्व में हजारों की संख्या में स्कूल सफाई कर्मचारी नवा रायपुर पहुंचेंगे। इसी प्रकार मध्यान भोजन रसोईया कर्मचारी संघ के प्रांत अध्यक्ष श्रीमती नीलू उमरे के नेतृत्व में सभी जिलों मैं आंदोलन जारी है वेदी नवा रायपुर पहुंचकर बेरोजगारी भत्ता से कम मानदेय का विरोध करेंगे जिसे कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने समर्थन किया है। उन्होंने बताया है कि ऐसी जानकारी मिली है कि आंदोलनकारियों को रायपुर पहुंचने से पुलिस प्रशासन द्वारा जिलों में चौक चौराहों में रोका जा रहा है इससे आंदोलन और उत्तेजित होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *