दुर्ग. देश में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। संक्रमण रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 24 मार्च से लॉक डाउन लगाया है। लॉक डाउन 3 भी अब खत्म होने को है और 18 मई से लॉकडाउन-4 शुरु होने जा रही है। प्रधानमंत्री द्वारा लोगो से बार-बार सोशल डिस्टेंसिंग की बात कह रहे हैं। लोगों को आपस मे कम से कम दो गज की दूरी बनाए रखने की समझाइश दे रहे हैं। लेकिन उनकी ही पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और राज्य सभा सांसद सरोज पाण्डेय शायद उनके दिशा निर्देशों का उल्लंघन करते दिखीं।
गौरतलब हो कि प्रदेश में शनिवार और रविवार को राज्य सरकार ने कम्पलीट लॉक डाउन लगाया हुआ है। जिसमें लोगों को किसी बड़ी ठोस वजह के बाहर निकलने पर मनाही है। लेकिन सरोज पाण्डेय यहां पर इन नियमों का भी उल्लंघन करती नजर आई। यहां गांव में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों को इकट्ठा किया गया था और वे भी पास-पास बैठे थे। उनसे भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कराया गया।
सुश्री सरोज पाण्डेय शनिवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और वर्तमान जिला पंचायत सदस्य माया बेलचंदन, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष ऊषा टावरी और कार्यकर्ताओं सहित दुर्ग जिले के अछोटी और चंद्रखुरी के दौरे पर थीं।यहां वे मनरेगा मजदूरों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और मनरेगा के कार्यों की जानकारियां ली। मोदी सरकार द्वारा उनकी मजदूरी बढ़ाए जाने व जनधन खातों में पैसे भेजें जाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सभी लोगों से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सरकार के सभी दिशा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। लेकिन इस दौरान वे यह भी भूल गईं कि वे खुद सरकार की दिशा निर्देशों का उल्लंघन के साथ साथ केन्द्र सरकार के सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की भी धज्जियां उड़ाते नजर आईं।

