* * रायपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन कार्यरत महिला पर्यवेक्षकों के वेतन विसंगति दूर न होने, पदोन्नति न होने व समान काम समान वेतन के तहत अन्य संवर्ग के वेतनमान ग्रेड पे की अधिकता होने से नाराज महिला पर्यवेक्षक 20 फरवरी को बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर सांकेतिक हड़ताल करेंगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन महिला पर्यवेक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती रितु परिवार एवं प्रवक्ता विजय कुमार झा ने बताया है कि पूर्व में 22 दिसंबर को आंदोलन की सूचना दी गई थी। किंतु महिला बाल विकास मंत्री एवं संचालक द्वारा सकारात्मक चर्चा के बाद आंदोलन को वापस ले लिया गया था। किंतु चर्चा के अनुरूप कोई निर्णय न होने से निर्णय की प्रतीक्षारत महिलाओं ने बजट सत्र में महिला पर्यवेक्षकों की मांगों पर राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट करने हेतु 20 फरवरी सोमवार को एकदिवसीय सांकेतिक हड़ताल करने का निर्णय लिया गया है। आंदोलन में संघ के संरक्षक श्रीमती रंजना ठाकुर एवं श्रीमती याचना शुक्ला ने सभी महिला बहनों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाएंगे।
