छल का सहारा लेने वाले लोगों को कभी भगवान नहीं मिल सकते-पं.तोरण महाराज

पाटन। सार्वजनिक श्री हनुमान मंदिर के वार्षिक उत्सव पर ग्राम पतोरा में आयोजित भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह के पांचवें दिन भगवान श्री कृष्ण की बाललीलाओं और रूखमणी विवाह की झांकी सजाई गई। स्थानीय बालिकाओं ने गोपियों के संग रासलीला और रूकमणी विवाह की जीवंत झांकी प्रस्तुत की। भगवान श्रीकृष्ण की बारात भी निकाली गई। जिसमें बाजे-गाजे के साथ श्रद्धालु शामिल हुए और जमकर नाचे नाचे।
कथा प्रसंग पर प्रवचन करते हुए कुरना कांग्रेस के पंडित तोरण महाराज ने बताया कि कभी भी मित्र के साथ धोखा नही करना चाहिए। छल का सहारा लेने वाले लोगों को कभी भगवान नहीं मिल सकते। उन्होंने यह बताया कि भागवत कथा ही ऐसी कथा है, जिसके श्रवण मात्र से ही मनुष्य मोक्ष की प्राप्ति कर लेता है। भगवान कृष्ण के सामान कोई सहनशील नही है। क्रोध हमेशा मनुष्य के लिए घातक होता है। इसलिए हमेशा क्रोध से बचने का प्रयास करना चाहिए। विशेषकर परिवार में प्रेम होना चाहिए। जहां प्रेम होता है, वहां भगवान स्वयं पहुंच जाते हैं। कथा प्रसंग में उन्होंने बाल लीला, मधुवन में गोपियों के साथ रास-लीला, कंस वध और रूखमणी विवाह प्रसंग का मनोरम चित्रण किया।

मोक्ष का अचूक मार्ग भागवत कथा
पंडित तोरण महाराज ने बताया कि मानव जीवन का अंतिम लक्ष्य मोक्ष और भगवान की शरण में सद्गति है। इसका एकमात्र अचूक मार्ग भागवत कथा है। भागवत कथा श्रवण से भगवान प्रसन्न होते हैं और मनुष्य को सद्गति देते है, लेकिन कथा का श्रवण ज्ञानी बनकर नहीं बल्कि जिज्ञासु बनकर करना चाहिए। प्रेम और विश्वास दो ऐसे भाव हैं, जिनसे भगवान को प्राप्त करना आसान हो जाता है।
आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे शामिल

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को कथा प्रवचन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल संध्या करीब 6 बजे इसके लिए ग्राम पतोरा पहुंचेंगे। यहां वे सार्वजनिक श्री हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे। इसके बाद कथा श्रवण कर श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हनुमान मंदिर के वार्षिक उत्सव में हर साल शामिल होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *