कृषि के उन्नत तकनीक से धान एवं चना के पैदावारी में हुई बढ़ोत्तरी


लोकेश्वर सिन्हा@ गरियाबंद । गरियाबंद जिले के ग्राम रोहिना के महिला कृषक कुंतीबाई वर्मा ने कृषि विभाग के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना अंतर्गत खरीफ में उन्नत किस्म का धान किस्म राजेश्वरी तथा रबी वर्ष 21-22 में चना किस्म आर.वी.जी 202 फसल की खेती कर अधिक उत्पादन प्राप्त कर अपने आर्थिक स्थिति को सुधार करने में सफलता हासिल की है। उन्नत किस्म के फसलों की पैदावारी से पहले की तुलना उसकी आमदनी में 47 हजार रूपये की वृद्धि हुई है। कृषक कुंती बाई ने बताया कि वह अपने 1.41 हेक्टेयर कृषि भूमि में पहले खरीफ धान की खेती के उपरांत ग्रीष्मकालीन धान की खेती करती थी, जिसमें खेती की लागत के अनुरूप उत्पादन नहीं हो रहा था। साथ ही सिंचाई पानी की खपत भी ज्यादा होती थी। लगातार धान की खेती से भूमि की उर्वरा शक्ति भी कम हो रही थी। कृषि पैदावारी में आमदनी बढ़ाने कृषि विभाग के अधिकारियों की मार्गदर्शन में धान के उन्नत किस्म राजेश्वरी की पैदावारी ली। धान फसल के बाद चना किस्म आर.वी.जी 202 बीज का प्रयोग कर चने की खेती की, जिसमें मुझे अच्छा उत्पादन मिला। साथ ही नलकूप का जल स्तर भी स्थिर हो गया। कृषि विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में 17 प्रतिशत नमक पानी के घोल से बीजोपचार कर बोनी की प्रक्रिया अपनाया। उपचारित बीज से स्वस्थ्य फसल के पौधे से उत्पादन भी अधिक आया। जिससे मेरी आमदनी में पहले की अपेक्षा बढ़ोत्तरी हुई है। महिला कृषक कुंती बाई ने क्षेत्र के अन्य कृषकों को भी कृषि के उन्नत तकनीक अपनाने की सलाह देते हुए किसानों के कृषि पैदावारी में बढ़ोत्तरी के लिए शासन स्तर के प्रयासों के लिए शासन -प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *