बेमेतरा. जिला पंचायत सभापति एवं प्रदेश संयोजक अंकुर समाज सेवी संस्था राहुल टिकरिहा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर घोषणा अनुरुप बिना राशन कार्डधारी गरीब परिवारों को राशन प्रदान करने का निवेदन किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना संकट के चलते लॉकडाउन के इस समय में बिना राश कार्डधारी गरीब परिवारों को राशन दुकान के माध्यम से चावल प्रदान करने की बात कही थी। लेकिन ये चावल अभी तक राशन दुकानों में नहीं पहुंची है। जिसे लेकर सभापति राहुल टिकरिहा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया।
जिला पंचायत सभापति राहुल टिकरिहा ने पत्र में लिखा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार गरीब परिवारों को दो माह का राशन एक मुश्त वो भी नि:शुल्क प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री द्वारा लिया गया यह निर्णय सराहनीय है। साथ ही अन्य राशन कार्डधारियों को भी उचित मूल्य पर दो माह का राशन प्रदान किया जा रहा है।
महोदय जी विषयान्तर्गत आपसे निवेदन है कि अभी गॉव में निवासरत बहुत से गरीब परिवार जिसका राशन कार्ड नहीं बना है साथ ही अनेक गरीब परिवार राशन कार्ड बनने के लिए आवेदन ग्राम पंचायत व जनपद पंचायत में जमा किए है। लेकिन विपरीत परिस्थितियों के चलते अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है। जिसकी पीड़ा को देखते हुए आपने बिना राशन कार्डधारियों को भी राशन उपलब्ध कराने की घोषणा थी।
महोदय जी बिना राशन कार्डधारियों को राशन देने की बात सुनकर बिना राशनकार्डधारी गरीब परिवारों के खुशियों में चार चांद लग गई थी। लेकिन माननीय महोदय जी मुझे यह बात कहते हुए पीड़ा हो रही है कि यह चावल अभी तक राशन दुकानों में नहीं पहुंची है। ये सभी गरीब परिवार आशा की किरण जगाए राशन का इंतजार कर रहे है और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से रोज मुलाकात व फोन के माध्यम से राशन आने की जानकारी ले रहे है।
अतः महोदय जी आपसे विनम्र निवेदन है कि बिना राशनकार्डधारियों के चावल को राशन दुकानों में शीघ्र भेजने की कृपा करें। जिससे इस संकट की घड़ी में सभी बिना राशन कार्डधारी गरीब परिवारों को राशन प्राप्त हो सके।

