जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं संधारण कार्य का कलेक्टर ने किया समीक्षा,,,,कच्चे-अंतागढ़ मार्ग के लिए 168.18 करोड़ रूपये तथा संबलपुर-सिलपट मार्ग के लिए 83.89 करोड़ रूपये स्वीकृत..

कांकेर :- कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने लोक निर्माण अंतर्गत आने वाले समस्त मार्गों का डामरीकरण पेच रिपेयर कार्य 15 अक्टूबर से प्रारंभ कराये जाने के निर्देश दिये हैं, साथ ही सभी मार्गों का संधारण कार्य 23 दिसम्बर 2023 तक पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने आज लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले के जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं संधारण कार्य तथा नवीन सड़कों के निर्माण के प्रगति की विस्तृत समीक्षा किया। ग्राम माकड़ी से गोविन्दपुर तथा दुधावा से सिंगारभाट तक डामरीकरण पेच मरम्मत कार्य 15 अक्टूबर से शुरू करने की जानकारी राष्ट्रीय राजमार्ग के उप अभियंता द्वारा बैठक में दिया गया। लोक निर्माण संभाग कांकेर के कार्यपालन अभियंता द्वारा बताया गया कि सेंट माइकल स्कूल से ऊपर-नीचे रोड एवं दूध नदी पुलिया से ज्ञानी ढाबा तक 3.6 किलोमीटर फोरलेन चौड़ीकरण स्वीकृत है। वर्तमान में सर्वे कार्य किया जा रहा है तथा यूटीलिटी शिफ्टिंग एवं पेड़ कटाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निर्माण एजेंसी हेतु निविदा स्वीकृति के लिए समिति की बैठक 10 अक्टूबर को रायपुर में रखी गई है।
लोक निर्माण संभाग भानुप्रतापपुर के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि शासन द्वारा कच्चे से अंतागढ़ मार्ग निर्माण के लिए 168.18 करोड़ रूपये स्वीकृत किया गया है तथा निर्माण एजेंसी के चयन हेतु निविदा स्वीकृति की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। संबलपुर से सिलपट मार्ग के लिए भी शासन द्वारा 83.89 करोड़ रूपये स्वीकृत किया गया है, जिसके निर्माण के लिए निविदा स्वीकृति कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने उक्त सड़कों के निर्माण के लिए संपूर्ण प्रक्रिया समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने तथा कांकेर से भानुप्रतापपुर मार्ग के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के लिए निर्देशित किया है। कलेक्टर द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनांतर्गत स्वीकृत सड़कों के निर्माण में प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा जिन सड़कां में बारिश के कारण पॉट होल्स एवं पैच हुए हैं उनका मरम्मत 15 अक्टूबर से कराने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में लोक निर्माण संभाग कांकेर के कार्यपालन अभियंता एस.एल. मरकाम, लोक निर्माण संभाग भानुप्रतापपुर के कार्यपालन अभियंता महेन्द्र कश्यप, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क परियोजना इकाई क्रमांक-01 के कार्यपालन अभियंता मनोज रात्रे तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के उप अभियंता राकेश नेताम उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *