सुकमा में मूसलाधार बारिश के साथ तूफान ने मचाई तबाही, घरों के छत उड़े और पेड़ धराशायी

सुकमा. जिले के कई इलाकों में कल शाम तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश एवं ओलावृष्टि हुई। इस दौरान बारिश और तूफान ने छिंदगढ़ ब्लाक के अंतर्गत कई गांवों में तबाही मचाई। कई घरों के सीमेंट के सीट छप्पर उड़ गए। तेज आंधी तूफान के चलते कई पेड़ भी धराशाही हो गए। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में बिजली के खम्बे गिर गए हैं और तारें टूट गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली गायब है।

दिन भर कड़ी धूप के बाद देर शाम अचानक आये इस तूफान में लोगों के घरों से छत उड़ जाने से उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उसके बाद ओलावृष्टि होने पर लोगों को घरों से भागना पड़ा साथ ही बस्तर का हरा सोना कहलाने वाला तेंदूपत्ता को भी इससे काफी नुकसान पहुंचा है।

आज सुबह कलेक्टर चंदन कुमार के आदेश पर तहसीलदार रूपेश मरकाम ने क्षेत्र के सभी पीड़ितों के घरों का जायजा लिया और होने वाले नुकसान का जल्द से जल्द शासन-प्रशासन से मुआवजा दिलाने की बात कही। वहीं जनप्रतिनिधियों ने भी समस्याओं का जायजा लेते हुए जल्द ही मदद की बात कही है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *