भिलाई. अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के दो मामले सामने आए है। दोनों मामले में पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पतासाजी कर रही है। पुलिस ने बताया कि दिल्ली नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) सीधे ऐसे व्यक्तियों पर नजर रख रही है जो बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया में अपलोड कर रहे है।
भिलाईनगर टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि मामला मई 2019 और जून 2019 का है। एनसीआरबी से रिपोर्ट मिली कि फेसबुक और दूसरा इंस्ट्राग्राम पर बच्चों की अश्लील वीडियो पोस्ट किया है। रिपोर्ट में एक-एक वीडियो पोस्ट करने की बात सामने आई है। जांच में आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन भिलाई सिविक सेंटर मिली है।
आरोपियों के मोबाइल नंबर मिलने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 67 आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। एएसपी शहर रोहित कुमार झा ने बताया कि इंटरनेट पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो को सर्च करना और उसे शेयर करना अपराध है। इसकी निगरानी सीधे दिल्ली से हो रही है। लोगों से अपील है कि ऐसा कतई न करें।
