भिलाई. दिल्ली तबलीगी जमात के मरकज से आए एक इंजीनियर को पुलिस ने हुडको से पकड़ा। यहां वह बड़े भाई की बेटी की शादी में शामिल होने 19 मार्च को आया था तब से यहीं था। पुलिस ने मेडिकल टीम को बुलाकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके बाद उसे टाउनशिप सेक्टर-3 में बीएसपी के हॉस्टल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। भिलाई नगर टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि हुडको एमआईजी 740 निवासी अबू नातिक खान (45 वर्ष) जगदलपुर में इंजीनियर है।। 6 मार्च को वह तबलीगी जमात के मरकज में शामिल होने दिल्ली गया। 9 मार्च तक वहां जमातियों के साथ रहा। वहीं से रात में निकलकर दूसरे दिन 10 मार्च को रायपुर पहुंचा। फिर कार से जगदलपुर रवाना हो गया। बाहर से आने वालों की लिस्ट जब शासन ने जारी की तब इसके बारे में जानकारी हुई। मेडिकल टीम बुलाकर पूरे परिवार का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। नातिक का सैंपल सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है।
पुलिस ने बताया कि अबू नातिक अपने परिवार के साथ जगदलपुर में रहता है। 20 मार्च को उसके बड़े भाई की बेटी की शादी थी। 19 मार्च को उसकी शादी में शामिल होने के लिए आया। तब से यही पर ठहरा हुआ था। अन्य रिश्तेदार भी रुके हुए है। अबू नातिक ने अपने आने की सूचना न तो पुलिस को दी और न ही स्वास्थ्य विभाग को दी। उसने पुलिस के बताया कि उन्होंने खुद को घर में आइसोलेट कर रखा है। सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि हुडको में रहने वाले का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। उसे टाउनशिप के क्वाराइंटन सेंटर में रखा गया है। उसने सूचना नहीं दी थी पर खुद को घर में आइसोलेट करने की बात कही। फिर भी एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।
