लोकेश्वर सिन्हा @गरियाबंद। भाजपा के जिला महामंत्री अनिल चंद्राकर ने राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोप लगाया है कि पर्याप्त बिजली आपूर्ति करने में प्रदेश सरकार अक्षम साबित हो रही है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती के अलावा लो-वोल्टेज से ग्रामीण परेशान है, सबसे ज्यादा देवभोग क्षेत्र में 3 घंटे बिजली की कटौती की जा रही है। कांग्रेस सरकार सरप्लस बिजली उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। वही राजिम विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली लगातार बंद होने की शिकायतें मिल रही है। इस सरकार में ऐसी स्थिति निर्मित हो गई है कि गांव, गरीब और किसानों की सुध नहीं ली जा रही है। रबी फसल लगाए किसान भी बिजली संकट से परेशान है।
उन्होंने कहा है कि जिले में भाजपा शासनकाल के दौरान विद्युत व्यवस्था को लेकर जो इंतजाम किया गया था, उसमें एक कदम भी कांग्रेस की सरकार ने कार्य नहीं किया है। गर्मी बढ़ने के साथ ही विद्युत का संकट गहराता जा रहा है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की हालत यह है कि लो- वोल्टेज की समस्या बढ़ गई है, इस समस्या से राजिम विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र भी जुझ रहे हैं। जिला मुख्यालय के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली समस्या व्याप्त है, भाजपा शासनकाल में देवभोग, इंदागाव क्षेत्र में सरप्लस बिजली के लिए सब-स्टेशन की घोषणा करने के साथ ही राशि भी आवंटन की गई थी, लेकिन 3 साल में वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इसमें तेजी से जो कार्य करना था उसमें ध्यान नहीं दिया, इसके चलते आज भी क्षेत्र के लोग पर्याप्त बिजली की सुविधा से वंचित हैं।
श्री चंद्राकर ने कहा कि जब से राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी है, जो वादा आम जनता से कांग्रेस ने किया था, वह पूरा करने में पूरी तरह से असफल हो गई है। यहां तक की कांग्रेस के जनप्रतिनिधि भी समस्या दूर करने के नाम पर ध्यान देना बंद कर दिए है। आम जनता में निराशा और हताशा का वातावरण है, विकास कार्य ठप है। उन्होंने कहा है कि विद्युत समस्या को लेकर जल्द निराकरण नहीं किया गया तो इसको लेकर भाजपा आंदोलन करेगी।
पर्याप्त विद्युत उपलब्ध कराने में राज्य सरकार अक्षम- अनिल चंद्राकर…बिजली कटौती एवं लो-वोल्टेज से ग्रामीण हलाकान
