भुवन पटेल@ कवर्धा– छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ जिला इकाई कबीरधाम लंबित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। जिले से संघ के कर्मचारी सदस्य बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय स्थित राजमहल चौक , दुर्गा मंदिर के पीछे राजीव गांघी पार्क के परिसर पर इकट्ठा होकर धरनास्थल पर मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए जमकर नारेबाजी की। वन विभाग का मैदानी संरचना का कर्मचारी जो कि मैदानी स्तर पर कार्य को संपादित करते हैं, उनके हड़ताल में चले जाने से अब जंगलों की सुरक्षा अधर में हो गई है।

छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ जिला इकाई कबीरधाम अपने लंबित मांगों को लेकर 21 मार्च सोमवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल में हैं। संघ के जिलाध्यक्ष ने बताया कि लंबित मांगों को लेकर संघ लगातार कई वर्षों से शासन-प्रशासन के समक्ष पत्राचार कर रही है। धरना एवं हड़ताल के माध्यम से भी मांगों को पूरा करने की मांग की जा रही है, लेकिन हमें सिर्फ आश्वासन देते हुए मांगों को लंबित रखा जा रहा है, जिससे कि संघ के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। बताया गया कि लंबित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर छतीसगढ़ वन कर्मचारी संघ जिला शाखा कबीरधाम अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।
प्रमुख मांगे
इनकी प्रमुख मांगों में संघ द्वारा प्रस्तावित वेतनमान का लाभ दिए जाने और वनरक्षक के वेतनमान 2750-3050 का विभागीय भर्ती नियम में 2003 से प्रावधान किया जाए। इसके अलावा वन चौकीदारों को वनरक्षक पद पर पदोन्नत किया जाए सहित 12 सूत्रीय मांगे शामिल हैं।
