बघेरा में नई दारू भठ्ठी खोलने की तैयारी : भूपेश सरकार के खिलाफ वार्डवासी लामबंद : आज मंगलवार निकलेगी विरोध में रैली

दुर्ग (न्यूज24 कैरेट/सतीश पारख)बघेरा में शराब दुकान खोलने की प्रशासन की तैयारियों का कड़ा विरोध शुरू हो गया है। विरोध में वार्डवासियों के अलावा अन्य वार्डों के साथ ही आसपास के ग्रामीण भी लामबंद होने लगे हैं। शराब भट्टी खोलने से रोकने के लिए 22 मार्च को रैली निकालकर कलेक्टर जनदर्शन में सभी नागरिक पहुंचेंगे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान न खोलने की मांग की जाएगी।

भाजपा नेता दिनेश देवांगन ने कहा है कि शराब बंदी के लिए हाथ में गंगाजल लेकर कसम खाने वाले भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार में किस तरह शराब दुकानें बढ़ रही है, इसका ताजा उदाहरण बघेरा में देखने मिल रहा है। प्रशासन द्वारा नए सत्र में अप्रैल से नई दारु भट्टी खोलने की तैयारी की जा रही है। वार्ड पार्षद कुमारी बाई साहू ने बताया कि बघेरा वार्ड 56 कोटनी-नगपुरा मार्ग में बायपास रोड के करीब प्रशासन द्वारा गुपचुप तरीके से शराब भट्टी खोलने की तैयारी कर ली गई है। टीन का शेडयुक्त रेडीमेड स्ट्रक्चर बनाया जा चुका है और 1 अप्रैल से दुकान की शुरूआत की जाएगी।

वार्डवासियों व ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए भूपेश सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया है। भूपेश सरकार पर हमला बोलते हुए देवांगन ने आगे कहा कि हाथ में गंगाजल लेकर कसम खाने के बाद कांग्रेस सरकार में शराबबंदी करना तो दूर, लोगों को अब घर बैठे शराब डिलीवरी की जा रही है। पूरे देश में छत्तीसगढ़ पहला राज्य हैं जहा राशन नहीं, बल्कि दारू की सप्लाई हो रही है। शहीद चौक में दारू भट्ठी, बस स्टैंड में प्रीमियम शराब दुकान, धमधा नाका बोगदा बायपास पुल के पास नई शराब दुकान, पद्मनाभपुर में प्रीमियम शराब दुकान और अब बघेरा बायपास रोड के नीचे प्रसिद्ध बगदाई माता मंदिर के पास शराब दुकान खोली जा रही है। इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *