लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद /–जिले के विकासखण्ड मैनपुर अंतर्गत अड़गड़ी खाद्यान्न सोसायटी से संबंधित शिकायत पर जांच प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर नम्रता गांधी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मैनपुर को जांच दल गठित कर शिकायत की जांच कराने के निर्देशित किया है। कलेक्टर के निर्देश के परिपालन में एसडीएम मैनपुर द्वारा तत्काल जांच दल का गठन कर प्रांरभिक जांच शुरू करा दी गई है। जांच दल द्वारा मौके पर उपस्थित 20 ग्रामवासियों में से राशन कार्ड लेकर आये 08 राशन कार्डधारियों से पूछताछ एवं ऑनलाईन राशन वितरण रिपोर्ट एवं राशन कार्ड में इंद्राज रिपोर्ट का मिलान किया गया। शिकायत के प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाई गई है। ग्रामीणों की मांग पर आगामी 10 फरवरी को विस्तृत जांच किया जायेगा। एसडीएम मैनपुर सूरज साहू ने अनियमितता की शिकायत के प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाये जाने के आधार पर बिन्द्रानवागढ़ सहकारी विपणन एवं प्रक्रिया समिति मर्यादित गरियाबंद संचालन एजेंसी द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान अड़गड़ी आईडी क्रमांक- 442014056 को निकटस्थ आदिम जाति सेवा सहकारी समिति शोभा, शाखा मैनपुर में आगामी आदेश पर्यन्त अस्थायी रूप से संलग्न किया गया है।
