पाटन।जिला पंचायत दुर्ग उपाध्यक्ष अशोक साहू ने बीजेपी नेता पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि गोडसे के पुजारी हमें गांधी दर्शन न सिखाएं। मुंह में राम बगल में छुरी की संस्कृति के पोषक, अंग्रेजों से माफी मांगकर देशप्रेमियों से विश्वासघात करने वाले को वीर बताने और बापू के हत्यारे को लोकतंत्र के मंदिर में महिमामंडित करने का घोर पाप करने वालों की नस्ल से बापू के सिद्धांतों और दर्शन की बात शोभा नहीं देती।
श्री साहू ने आगे कहा कि अतीत से आज तक का इतिहास पढ़ लें, जिस भाजपा के लोग बापू के हत्यारे का संसद तक में गुणगान करते नहीं लजाते, वह आज गांधी दर्शन का पालन करने का ढोंग रच रही है। इससे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति और क्या हो सकती है कि शांति सौहार्द की पावन भूमि में वैमनस्य फैलाने, दंगा भड़काने, फसाद कराने की साजिश रचने वालों का एजेंट बनकर एक तथाकथित संत यहां आया और बापू का अनादर और उनके हत्यारे का जयकारा लगा गया और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने चुप्पी साधे रखी है।
उपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि गांधी जी के विचार कांग्रेस की आत्मा है। गोडसे ने बापू के शरीर पर गोली मारी थी और भाजपा बापू के नाम पर पाखंड रचकर उनकी आत्मा को छलनी करना चाहती है। छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी। बापू के आदर्श छत्तीसगढ़ की जनता के मन में बसे हुए हैं और यह जनता जान रही है कि भाजपा किस तरह बापू के सर्व धर्म समभाव के विचार को रौंदने का घृणित कृत्य कर रही है।
श्री साहू ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संकल्प के अनुसार छत्तीसगढ़ में वर्धा आश्रम की तरह सेवाग्राम आश्रम अवश्य बनेगा। अगर भाजपा के लोग प्रायश्चित करते हुए उस आश्रम में बापू के विचारों की शरण में आना चाहें तो उनके पाप धुल जाएंगे।
