भारत vs न्यूजीलैंड T20: जीत के साथ शुरू हुआ रोहित-राहुल युग, रोमांचक मैच में न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया

जयपुर में खेले गए पहले टी-20 मैच में टीम इंडिया ने रोमांचक जीत दर्ज करते हुए न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड ने 6 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए थे। मार्टिन गुप्टिल ने (70) और मार्क चैपमैन ने (63) रनों की पारी खेली। भारत के लिए आर अश्विन और भुवनेश्वर कुमार 2-2 विकेट लेने में सफल रहे। 

165 रनों के टारगेट को रोहित एंड कंपनी ने 19.4 ओवर के खेल में सिर्फ 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। मैच में मिली जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त बना ली है। दूसरा मुकाबला 19 नवंबर को रांची में खेला जाएगा।

टागरेट का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 31 गेंदों पर 50 रन जोड़े। इस जोड़ी पर ब्रेक मिचेल सेंटनर ने राहुल (15) को आउट कर लगाया। दूसरे विकेट के लिए NZ के गेंदबाजों को फिर संघर्ष करना पड़ा। रोहित और सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर 59 रन जोड़े। इस साझेदारी को बोल्ट ने रोहित (48) का विकेट लेकर तोड़ा। NZ के लिए तीसरा विकेट भी बोल्ट के खाते में ही आया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव (62) को बोल्ड किया। श्रेयस अय्यर (5) का विकेट टिम साउदी ने हासिल किया। अंतिम ओवर में वेंकटेश अय्यर (4) डेरिल मिचेल की गेंद पर आउट हुए।

रोहित शर्मा ने 5 चौके और दो छक्कों की मदद से 36 गेंदों पर 48 रन बनाए।

सातवीं टी-20I पारी में सूर्यकुमार यादव (62) का ये तीसरा अर्धशतक रहा।

ट्रेंट बोल्ट ने चार ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लिए।

गुप्टिल-चैपमैन ने खेली शानदारी पारी
टॉस गंवाकर पहले खेलते हुए कीवी टीम की शुरुआत खराब रही और पारी की तीसरी ही गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने डेरिल मिचेल को गोल्डन डक पर बोल्ड किया। दूसरे विकेट के लिए मार्टिन गुप्टिल और मार्क चैपमैन 77 गेंदों पर 109 रन जोड़कर टीम को पटरी पर लाने का काम किया। इस साझेदारी को आर अश्विन ने चैपमैन (63) को आउट कर तोड़ा। इसी ओवर में उन्होंने ग्लेन फिलिप्स (0) को LBW आउट किया। मार्टिन गुप्टिल ने शानदार पारी खेलते हुए (70) रनों की पारी खेली। गुप्टिल का विकेट दीपक चाहर ने चटकाया।​ टीम इंडिया को 5वीं सफलता भुवनेश्वर कुमार ने टिम साइफर्ट (12) को आउट कर दिलाई।

आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज चोटिल हो गए थे। मिचेल सेंटनर ने पहली ही गेंद पर एक तेज शॉट खेला और गेंद को रोकने के प्रयास में सिराज खुद को चोटिल करा बैठे। गेंद रफ्तार के साथ उनकी उंगली पर लगी, जिसके बाद उनको खून भी निकलने लगा। हालांकि, इसके बाद भी सिराज ने बॉलिंग जारी रखी और 5वीं गेंद पर रचिन रवींद्र (7) को बोल्ड भी किया।

गोल्डन डक (जो खिलाड़ी अपनी पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो जाए)

डेरिल मिचेल 21 टी-20I पारियों में पहली बार शून्य पर आउट हुए।

पावरप्ले तक न्यूजीलैंड का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 41 रन था।

मार्क चैपमैन (63) का T-20I में ये तीसरा अर्धशतक रहा।

मार्टिन गुप्टिल (70) का T-20I में ये 19वां अर्धशतक रहा।

IPL फेज-2 से सुर्खियों में आने वाले वेंकटेश अय्यर को आज टी-20 इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका मिला है। अय्यर गेंद और बल्ले दोनों से धमाल मचाने में माहिर हैं और मैच में हार्दिक पंड्या की कमी पूरी कर सकते हैं। फेज-2 में उन्होंने 10 मैचों में 370 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी चटकाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *