भिलाई। सहायक शिक्षक एल.बी.संवर्ग की वेतन विसंगति के निराकरण के लिए बनाई गई कमेटी कि कार्यप्रणाली से नाराज छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री माननीय भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल और ओ एस डी आशीष वर्मा से मुलाकात कर कड़ी नाराजगी दर्ज की।
विदित हो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा चुनाव के पूर्व सहायक शिक्षकों(वर्ग 3) के वेतन विसंगति दूर करने की मांग कई बार मंच से उठाई और घोषणा पत्र में भी वेतन विसंगति दूर करने की मांग को शामिल किया था।
इसी मांग को लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन के द्वारा 5 सितम्बर’ शिक्षक दिवस” के दिन प्रांतीय धरना एवं पद यात्रा का आयोजन प्रस्तावित था। किंतु मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हड़ताल के एक दिन पूर्व फेडरेशन के प्रतिनिधि मंडल को स्वयं चर्चा हेतु आमंत्रित कर कमेटी गठन कर तीन माह के भीतर सहायक शिक्षक एल.बी. संवर्ग की वेतन विसंगति दूर करने के आश्वासन दिया था। ततपश्चात सहायक शिक्षकों एक दिवसीय हड़ताल स्थगित कर दिया गया था।

कमेटी का गठन हुए 2 माह का समय पूर्ण हो चुका है किंतु अभी तक कमेटी ने राज्य शासन को अंतिम रिपोर्ट नही सौंपा है । और प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा कमेटी के कार्य के संदर्भ में कॉल करने पर फोन नही उठाया जाता है। कमेटी की लचर कार्यप्रणाली और लेटलतीफी से सहायक शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है।
आज प्रतिनिधि मंडल ने भिलाई03 स्थित मुख्यमंत्री निवास में जाकर ओएसडी के समक्ष आपत्ति दर्ज की और शीघ्र सहायक शिक्षकों के वेतन विसंगति निराकरण की मांग की।
आज के छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से प्रांतीय सचिव सुखनंदन यादव, जिला अध्यक्ष दुर्ग कृष्ण कुमार वर्मा, लक्ष्मीनारायण बंजारे, भारत देवांगन, चोपसिंग, चेतन सिंह परिहार आदि सहायक शिक्षक उपस्थित थे।
