अनुकम्पा नियुक्ति प्रक्रिया सरल व शीघ्र हो- छग विद्या. शिक्षक कर्म. संघ


छुरा:- छत्तीसगढ़ विद्यालयीन शिक्षक कर्मचारी संघ ने दिवंगत शिक्षकों के आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति दिए जाने संबंधी घोषणा का स्वागत करते हुए छग के मान.मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है किन्तु इसके लिए समिति गठित करने पर असहमति व्यक्त करते हुए मानवीय दृष्टिकोण के आधार पर सरल प्रक्रिया के तहत् शीघ्र नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग की है। विदित हो राज्य सरकार द्वारा दिवंगत शिक्षकों के परिजनों को अनुकम्पा नियुक्ति के लिए पात्रता का परीक्षण कर सुझाव और सेवा शर्तों के निर्धारण हेतु अपर मुख्य सचिव श्रीमती रेणु पिल्ले की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन कर दिया गया है. समिति में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह एवं आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री डी.डी. सिंह को सदस्य बनाया गया है।गठित समिति सभी मामलों पर विचार कर रिपोर्ट और सुझाव एक माह के भीतर प्रस्तुत करेगी।इस संबंध में छग विद्यालयीन शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष संजय तिवारी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि! शिक्षाकर्मियों की अनुकम्पा नियुक्ति के संबध मे 2004 से ही नियम बने हुए है ,2005 मे जारी आदेश मे यह भी कहा गया था कि!यदि दिवंगत शिक्षाकर्मियो के परिजनों के लिये पर्याप्त पद या शैक्षिक योग्यता ना हो तो अनुकम्पा नियुक्ति पंचायत सचिव के पदों पर दिया जाये, ऐसे में अब कमेटी के बजाय इस बात की जांच की जानी चाहिये कि! इतने दिनो मे अनुकम्पा नियुक्तियां क्यों नहीं हो पायी?
संघ के गरियाबंद जिलाध्यक्ष मंगलमूर्ति के अनुसार कोरोना संक्रमण के पूर्व भी विभिन्न कारणों से शिक्षकों की अकाल मृत्यु हुई है जिससे संबंधित आश्रितों को भारी आर्थिक तंगी सहित कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।नियमानुसार आज तक परिजनों को शासकीय सुविधाओं का लाभ मिल जाना चाहिए था।अब ऐसे में समिति गठित करने से काफी विलम्ब होने की आंशका है।आगे मंगलमूर्ति ने कहा कि सरकार गठन के बाद विभिन्न संगठनों की मांग पर मुश्किल से पहली बार लंबित महंगाई भत्ता पांच प्रतिशत के लिए आदेश जारी किया गया है फिर भी छग के कर्मचारी डी ए के मामले में केन्द्रीय कर्मचारियों से काफी पीछे हैं जिसके लिए लगातार मांग की जा रही है। शिक्षाकर्मी के तौर पर 1998 से कार्यरत तथा बाद में शिक्षक पंचायत संवर्ग तत्पश्चात शिक्षक एल बी संवर्ग में विभागीय संविलियन के बाद भी सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति बनी हुई है जिसे दूर करने हेतु पूर्व सेवाकाल की गणना करने संबंधी मांग ज्ञापन कई बार शासन को प्रेषित किया जा चुका है मगर अबतक कोई प्रशासनिक पहल नहीं की गई है। वहीं एल बी संवर्ग के शिक्षकों के पदोन्नति, क्रमोन्नति, समयमान वेटेज आदि प्रदान किए जाने संबंधी जारी आदेशों में काफी विसंगति परिलक्षित होता है स्पष्ट आदेश के अभाव में प्रशासनिक अधिकारियों में गुमराह की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।वर्तमान में जिले की कई प्राथमिक शालाएं प्रधान पाठक विहीन है जिसे वर्षों से कार्यरत सहायक शिक्षकों की पदोन्नति से भरा जा सकता है तथा उनकी वेतन विसंगति को दूर किया जा सकता है। हालांकि सहायक शिक्षकों के लिए समिति गठित कर दी गई है परन्तु राज्य शासन को कर्मचारी हितों के प्रति ज्यादा गम्भीर होने की आवश्यकता है।छग विद्यालयीन शिक्षक कर्मचारी संघ के जिला उपाध्यक्ष टंकेश्वर मरकाम,कोषाध्यक्ष उत्तम पटेल, छुरा ब्लाक अध्यक्ष कन्हैयालाल, उपाध्यक्ष गौकरण बंजारे, कार्यकारिणी सदस्य छगन लाल, बंशीलाल, टेप कुमार, बेदराम, चिरंजीव साहू, रेणुका देवांगन, धनेश्वरी, प्रीति, लीलावती सहित समस्त सदस्यों ने राज्य शासन से दिवंगत शिक्षकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके आश्रितों के लिए सरल एवं शीघ्र अनुकम्पा नियुक्ति सहित कर्मचारियों के समस्त विषयों पर त्वरित कार्यवाही की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *