मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जारी किया निर्देश, इन विभागों में 2492 पदों पर होंगी भर्तियां

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज गृह (पुलिस), राजस्व तथा खाद्य विभाग के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अनुमति जारी करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। उनके इस निर्देश के बाद कुल 2492 पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। सीएम बघेल ने इन विभागों के अतिरिक्त अन्य सभी विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।
‘बस्तर फाइटर्स’ बल के गठन की मंजूरी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा आज लिए गए निर्णय के फलस्वरुप गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत ‘बस्तर फाइटर्स’ बल के गठन की मंजूरी जारी की गयी जिसमें 2100 पदों के भर्ती की अनुमति दी गयी है|
इसी तरह राजस्व विभाग अंतर्गत मैदानी स्तर पर 301 पटवारियों के पदों पर नयी भर्ती की जाने की अनुमति दी गई है| खाद्य विभाग अंतर्गत 84 खाद्य निरीक्षकों के साथ-साथ कुल 91 पदों पर भर्ती की की जाएगी|
मुख्यमंत्री  ने युवाओँ का आह्वान किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने युवाओँ का आह्वान किया है कि वे इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए अच्छी मेहनत और लगन के साथ तैयारियां करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को रिक्त पदों का परीक्षण कर उन पर सीधी भर्ती किए जाने की कार्ययोजना बना कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेशवासियों के हित में निर्णय
बस्तर फाइटर्स दल के गठन से जहां बस्तर के स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं स्थानीय युवाओं के अनुभवों का लाभ पुलिस बल को भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि पटवारियों की भर्ती होने से किसानों एवं नागरिकों की राजस्व प्रशासन से संबंधित समस्याओं एवं मांगों का त्वरित निराकरण स्थानीय स्तर पर हो सकेगा। खाद्य निरीक्षकों की भर्ती होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली का सुदृढ़ीकरण होगा |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *