रायपुर। तकनीकी शिक्षा संचालक आईएएस अवनीश कुमार शरण से आज छत्तीसगढ़ इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज राजपत्रित अधिकारी संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट कर मांग पत्र सौंपा।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हर्षल मोहिते के नेतृत्व में आज संगठन के पदाधिकारी सतीश कुमार ठाकुर एवं दीपक कुमार पटेल ने आज विभागाध्यक्ष कार्यालय इंद्रावती भवन नवा रायपुर में, तकनीकी शिक्षा संचालक आईएएस अवनीश कुमार शरण को पुष्पगुच्छ भेंट कर मुलाकात कि तथा इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कालेज में कार्यरत शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा, जिस पर संचालक तकनीकी शिक्षा अवनीश कुमार शरण ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए, कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष शंकर वराठे ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीन शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज एवं 32 शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में कार्यरत प्राध्यापकों, विभागाध्यक्ष एवं व्याख्याताओं की जायज मांगे विगत वर्षों से लंबित है। पूर्व में भी प्रांताध्यक्ष शंकर वराठे के नेतृत्व में संचालक तकनीकी शिक्षा को ज्ञापन सौंपा था। तकनीकी शिक्षकों पर अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद से जारी सेवा शर्तें, वेतनमान एवं कैरियर एडवांसमेंट स्कीम के तहत किए प्रावधान लागू हैं। जिसमें सातवें वेतनमान का लाभ प्राप्त हो चुका है परंतु कैरियर एडवांसमेंट स्कीम, पदोन्नति, क्यूआईपी स्कीम, इंडस्ट्रीयल ट्रेनिंग हेतु व्यवस्था एवं उच्च अर्हता हेतु इंसेंटिव से शिक्षक वंचित हैं। पूर्व में संचालनालय तकनीकी शिक्षा से नवनियुक्त शिक्षको हेतु इंडस्ट्रीयल ट्रेनिंग करने बाबत आदेश जारी किया गया था। उस आदेश के आधार पर इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक के शिक्षकों ने विभिन्न इंडस्ट्री में ट्रेनिंग भी प्राप्त करना शुरू किया था। परंतु जानबूझकर व्याख्याताओं की प्रोन्नति न हो इस हेतु, संचालनालय से एक दूसरा आदेश जारी कर इंडस्ट्रीयल ट्रेनिंग करने को, पालिसी बनाने के नाम पर स्थगित कर दिया जिसे एक वर्ष से अधिक समय हो गया। आज शिक्षकों को लोकसेवा आयोग से चयनित होकर पदस्थ हुए पांच वर्ष हो रहें हैं, अभी तक इंडस्ट्रीयल ट्रेनिंग हेतु पालिसी तैयार नहीं होने से शिक्षक ट्रेनिंग से वंचित हैं। जिससे अक्टूबर नवंबर में उच्च स्तर पर प्रोन्नति से वंचित रह जाएंगे। समय पर पदोन्नति एवं कैरियर एडवांसमेंट स्कीम के तहत लाभ नहीं मिलने से शिक्षकों में निराशा होगी।
संचालक तकनीकी शिक्षा को सौपे ज्ञापन में, विभागाध्यक्ष के पद पर 50% पदोन्नति, उच्च अर्हता हेतु इंसेंटिव, क्यूआईपी स्कीम, इंडस्ट्रीयल ट्रेनिंग हेतु पालिसी आदि बिंदु प्रमुखता से रखें। संचालक तकनीकी शिक्षा ने इस पर सकारात्मक पहल करने की बात कही हैं।पदाधिकारियों ने तकनीकी शिक्षा संचालक आईएएस अवनीश कुमार शरण को शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने, कुछ शिक्षकों को 10000 एजीपी स्वीकृति के आदेश जारी किए जाने पर धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
मांगों को लेकर, संचालक तकनीकी शिक्षा अवनीश कुमार शरण से मिले संगठन के पदाधिकारी
