वैक्सीन देने में भी मोदी सरकार छत्तीसगढ़ के साथ कर रही है भेदभाव-राकेश ठाकुर


पाटन। पूर्व जिला पंचायत सभापति दुर्ग एवं किसान नेता राकेश ठाकुर ने केन्द्र की मोदी सरकार पर छत्तीसगढ़ सरकार के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। श्री ठाकुर ने कहा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के लिए जुलाई माह में एक करोड़ वैक्सीन डोज देने की मांग मोदी सरकार से की थी। दुर्भाग्य की बात है कि वैक्सीन देने में भी मोदी सरकार भेदभाव कर रही है। छत्तीसगढ़ की मांग के विपरीत जाकर लगभग 76 लाख डोज वैक्सीन की कटौती कर दी गई है। यह छत्तीसगढ़ के आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। छत्तीसगढ़ के नागरिकों को प्रथम एवं सेकंड डोज लगाने के लिए अब तक हुए वैक्सीनेशन के बाद लगभग 3 करोड़ 44 हजार 362 वैक्सीन डोज की आवश्यकता और है। जुलाई माह में मोदी सरकार मात्र 24 लाख 1 हजार के लगभग वैक्सीन का आवंटन छत्तीसगढ़ के लिए किया है। भाजपा शासित राज्यों को मांग के अनुसार एवं अतिरिक्त वैक्सीन डोज की सप्लाई की जा रही है। मोदी सरकार ने जुलाई माह के वैक्सीन आवंटन में छत्तीसगढ़ के मांग में 76 लाख डोज वैक्सीन कम कर दी। कांग्रेस ने इसे वैक्सीन देने में भेदभाव और पक्षपात निरूपित किया है। किसान नेता राकेश ठाकुर ने भाजपा नेताओं से कहा कि छत्तीसगढ़ में वैक्सीनेशन को लेकर घड़ियाली आंसू बहाने वाले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक एवं भाजपा के 11 सांसद इस भेदभाव पर मौन क्यों हैं? भूपेश बघेल सरकार छत्तीसगढ़ के 18 प्लस वाले 1 करोड़ 6 लाख 28 हजार 2 सौ 12 एवं 45 साल वाले 11 लाख लोगों को जल्द से जल्द वैक्सीन का प्रथम डोज लगाने का प्रयास कर रही है। इस पर मोदी सरकार वैक्सिन की आपूर्ति बाधित कर क्यों अड़ंगा लगा रही है? पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह एवं भाजपा सांसदों को छत्तीसगढ़ की जनता को बताना चाहिए कि वैक्सीन देने में किए जा रहे भेदभाव को लेकर मोदी सरकार से विरोध क्यों नहीं किया है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *