प्रांजल झा….
कांकेर / रायपुर : छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को 17 जून ढाई वर्ष होने जा रहे हैं, भाजपा एग्रेसिव हो गई है, भाजपा के स्थापित प्रदेश स्तरीय सारे नेता आज जिला मुख्यालय में जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार की असफलता को बताने का प्रयास किया।
प्रदेश का कोई स्थापित नेता, जो मंत्री रहे, जो आज प्रदेश के पदाधिकारी हैं। कोई मंडल और मतदान केंद्र स्तर पर नहीं जा रहे हैं, उनके लिए जिला कमेटियों को निर्देश दे दिया गया है। लेकिन 17 जून को क्या घटना घटने वाली है? इसको लेकर कांग्रेस में भी हलचल बहुत तेजी से है।
संध्या 6:30 बजे न्यू सर्किट हाउस के इंडियन कॉफी हाउस में एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा के नेता काफी पीने पहुंचे और उस टेबल पर आज भाजपा नेता ने बताया कि कांग्रेस सरकार की असफलता को लेकर आज प्रदेश भर में हमारे नेताओं ने चौतरफा हमला किया है, कांग्रेस के नेता भी कहां चुप रहने वाले थे, उन्होंने कहा कि हमने तो ऐसा कोई काम ही नहीं किया है, जो 15 साल भाजपा शासनकाल में पालिसी बनी थी, उसी का पालन किया जा रहा है।
अब पूर्व मुख्यमंत्री को सबसे ज्यादा तकलीफ शराब से है, तो आखिर इसके पर्दे के पीछे है क्या? उनको खुल कर बोलना चाहिए। भाजपा नेता भी कहां चुप रहने वाले थे, उसने कहा ठीक है, लेकिन चर्चा कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय से लेकर मंत्रालय महानदी भवन नया रायपुर तक है कि बहुत बदलाव होने वाला है।
पाटन और अंबिकापुर के तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कहीं जांजगीर की लाटरी तो नहीं खुल जाएगी, हालांकि यह निर्णय 24 अकबर रोड नई दिल्ली होते हुए रायपुर और अंतिम में नई दिल्ली ही करेगी। कांग्रेसी नेता ने कहा कि हम अपना क्या बताएं ढाई साल हो गये, न निगम के अध्यक्ष बना रहे हैं न मंडल के अध्यक्ष बना रहे हैं, उपाध्यक्ष बना रहे हैं।
कार्यकर्ताओं में नाराजगी तेजी से बढ़ रही है, काफी की चुस्कियां समाप्त हुई, काफी हाउस का सफेद कपड़े पहने हुए, सिर में साफा बांधे हुए, हरे रंग का बैरा पहुंच गया और बिल देते हुए देखने लगा। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार आपकी है कुछ तो ढीला करो, आज काफी के लिए आमंत्रण आप ही के तरफ से था, अगली बार हम आपको सहयोग करेंगे चर्चा यहीं समाप्त हो गयी।
