भाजपा नेताओं के विरुद्ध कांग्रेस नेताओं द्वारा फर्जी एफआरआई दर्ज कराने के विरोध में प्रदेश भाजपा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, सांसद,भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिला कोतवाली पुलिस के सामने धरना प्रदर्शन किया

प्रांजल झा

कांकेर। भाजपा नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह व डॉ संबित पात्रा के विरुद्ध कांग्रेस नेताओं द्वारा फर्जी एफआरआई दर्ज कराने के विरोध में प्रदेश भाजपा द्वारा निरन्तर धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया जा रहा है इसी तारतम्य में आज भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, लोकसभा सांसद मोहन मण्डावी, भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया व महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष शालिनी राजपूत ने जिला मुख्यालय स्थित कोतवाली के सामने विरोध प्रदर्शन किया ।
विक्रम उसेंडी ने इस दौरान मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश की सत्ता में आने के बाद से कांग्रेस द्वारा निरन्तर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है । भाजपा नेताओं पर झूठे एफआरआई दर्ज कर अभिव्यक्ति की आजादी का हनन किया जा रहा है । टूलकिट बनाकर देश की छवि को पूरे विश्व मे बदनाम करने का षडयंत्र कांग्रेस द्वारा की जा रही है और इस षड़यंत्र को उजागर करने पर भाजपा नेताओं के विरुद मुकदमा दर्ज किया जा रहा है ।

लोकसभा सांसद मोहन मण्डावी ने कहा कि कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियों ने पहले किसान आंदोलन में टूलकिट बनाकर देश को बदनाम किया अब महामारी में कांग्रेस गुप्त दस्तावेज बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि खराब करने का षड़यंत्र कर रही है । कांग्रेस सहित बीजेपी विरोधी अन्य विपक्षी पार्टियां बीजेपी को बदनाम करने के चक्कर मे देशद्रोही गतिविधिया करने से भी चूक नही रही ।
भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश विरोधी षड़यंत्रकारी टूलकिट उजागर होने पर कांग्रेसी बौखलाहट में भाजपा नेताओं पर झूठे शिकायत दर्ज करा रही है । कांग्रेस का देश विरोधी चेहरा उजागर होने के बाद कांग्रेसी शर्मिंदा होने के बजाय उल्टे सत्ता का दुरुपयोग कर भाजपा नेताओं को ही डराने का प्रयास कर रही है । सत्ता के नशे में मदमस्त होकर कांग्रेसी अलोकतांत्रिक हमले पर उतारू है ।
शालिनी राजपूत ने कहा कि भाजपा नेताओं पर झूठा मुकदमा इस बात को दर्शाता है कि कांग्रेस का देशद्रोही आचरण अब भी कायम है , प्रदेश सरकार विपक्ष की आवाज को कुचलने का प्रयास कर रही है ।
सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि कांग्रेस का दमनकारी आचरण बिल्कुल भी स्वीकार्य नही है । भाजपा नेता कांग्रेस के हर दमन का पुरजोर विरोध करेंगे और जरूरत पड़ी तो महामारी की स्थिति सामान्य होने पर उग्र आंदोलन भी करेंगे ।
कोतवाली के सामने प्रदर्शन से पहले सभी नेता पैदल मार्च करते हुए कमल सदन से कोतवाली तक पहुंचे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *