छुरा। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित रखने छुरा ब्लाक के मड़ेली पंचायत ने पूरे गांव में सेनेटाइजर का छिड़काव कराया। छुरा ब्लाक की ऐसी पहली पंचायत है जिसने गांव में संक्रमण रोकने सेनेटाइजर का छिड़काव कराने का प्रस्ताव किया और त्वरित कार्रवाई करते शनिवार को गांव की हर गली, मोहल्ले, चौक-चौराहों के साथ स्कूल, पंचायत भवन और अन्य शासकीय कार्यालयों को भी सेनेटाइज किया गया। सरपंच श्रीमती लक्ष्मी गजेन्द्र ठाकुर, उपसरपंच श्री भीखम सिंह ठाकुर सहित पंचों ने इसके लिए त्वरित प्रस्ताव तैयार किया और पंचायत की मूलभूत मद की राशि का उपयोग करते पंचायत मुख्यालय मड़ेली सहित आश्रित ग्राम नवापारा,चट्टान पारा को पूरी तरह सेनेटाइज करने की तैयारी करते इसकी शुरूआत की।

ब्लाक में इस तरह की पहली पहल मड़ेली पंचायत में सरपंच द्वारा की गई है। इसके लिए लगभग 2000 लीटर सेनेटाइजर बनाकर गांव के ही निजी टेक्ट्ररों को लगाया गया और लोगों की सहायता से सेनेटाइज करना शुरू किया गया। सरपंच लक्ष्मी ठाकुर ने बताया कि पंचायत मुख्यालय में सेनेटाइजर प्रक्रिया पूरी कराने के बाद आश्रित ग्राम नवापारा, चट्टान पारा (कमार पारा) में ही इसका छिड़काव कर गांव को पूरी तरह सेनेटाइज किया जा रहा है। मड़ेली की जनसंख्या लगभग 2000 लोग निवास करते हैं। सेनेटाइज करने के पूर्व पंचायत द्वारा ग्रामीणों को लॉकडाउन का पालन करने, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने, मास्क लगाने जैसी जानकारी देकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। सरपंच लक्ष्मी ठाकुर ने कहा कि पहले चरण में सेनेटाइज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जरूरत पड़ी तो दोबारा पूरे पंचायत को सेनेटाइज किया जाएगा।
दो गज दूरी मास्क जरूरी
सेनेटाइजर का उपयोग करें
साबुन से बार बार हाथ धोएं
सामाजिक दूरी बनाए रखें
