कांकेर– छत्तीसगढ़ राज्य में कोरोना वायरस (कोविड-19) के बढ़ते संक्रमण एवं इससे उत्पन्न विषम परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते श्रम विभाग द्वारा 11 अप्रैल से छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मण्डल, शान्ति नगर रायपुर में श्रम सुविधा केन्द्र (हेल्प लाईन सेंटर) प्रारंभ किया गया है। श्रमिक सुविधा केन्द्र में वर्तमान में मोबाईल नम्बर 91098-49992 और दूरभाष नम्बर 0771-2443809 के माध्यम से श्रमिकों के काॅल सुने जाएंगे एवं ऐसे श्रमिकों की मदद की जायेगी। यह सुविधा श्रमिकों के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
प्रदेश के भीतर कार्यरत श्रमिक अथवा अन्य राज्यों में रोजगार हेतु प्रवास पर गए श्रमिक अथवा अपने जिले से अन्य जिलों पर रोजगार हेतु प्रवास पर जाने वाले श्रमिक या उन्हें वर्तमान कार्यस्थल पर कोई समस्या हो या रेल अथवा बस के माध्यम से छत्तीसगढ़ में वापसी पश्चात गृह नगर जाने में अथवा कोेरोना वायरस (कोविड-19) से संबंधी कोई समस्या हो तो ऐसी समस्याओं के निराकरण, परामर्श एवं आवश्यक सहयोग के लिए उक्त श्रम सुविधा केन्द्र के मोबाईल नंबर अथवा दूरभाष नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
श्रम पदाधिकारी कार्यालय कांकेर में भी श्रमिक सुविधा केंद्र स्थापित
कलेक्टर चन्दन कुमार द्वारा दिये गये निर्देशानुसार श्रम पदाधिकारी कार्यालय कांकेर में भी श्रमिक सुविधा केन्द्र (हेल्प लाईन सेंटर) स्थापित किया गया है, इस श्रमिक सुविधा केन्द्र में श्रम निरीक्षक तोषन तिवारी के मोबाईल नंबर 99268-46814 एवं श्रीमती निम्मी पटेल के मोबाईल नंबर 75668-60012 पर जिले के श्रमिक समस्याओं के निराकरण, परामर्श एवं आवश्यक सहयोग के लिए संपर्क कर सकते हैं। उक्त सुविधा 24 घंटा उपलब्ध रहेगा।
