? ब्यूरो रिपोर्ट विक्रम कुमार नागेश गरियाबंद
गरियाबंद। पुलिस महकमे को लाठियां भांजते तो आपने अक्सर देखा होगा मगर झाड़ू चलाते बहुत कम ही देखा होगा। पुलिस के झाड़ू चलाने का ऐसा ही नजारा आज राजिम में देखने को मिला, जब पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, और अति. पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर अपने जवानों के साथ झाड़ू चलाते नजर आए।
दरअसल पुलिस अधीक्षक अपने जवानों के साथ राजिम त्रिवेणी संगम की सफाई करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गंगा घाट की सफाई की। पुलिस अधीक्षक स्वयं कचरा बीनते और झाड़ू लगाते नजर आए।
यही नही इसके बाद पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अपने जवानों के साथ त्रिवेणी में हटखेलियाँ भी की। सभी तकरीबन आधे घण्टे तक नदी में स्नान करते रहे। इसके बाद कुलेश्वरनाथ और राजीवलोचन मंदिर दर्शन भी किए।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि राजिम माघी पुन्नी संपन्न होने के बाद वे अपने स्टॉफ के साथ त्रिवेणी की सफाई करने पहुंचे थे। मेला शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ इसके लिए कुलेश्वरनाथ और राजीवलोचन भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित किए।
गौरतलब है कि 15 दिन तक चलने वाला राजिम माघी पुन्नी मेला 11 मार्च महाशिवरात्रि को सम्पन्न हुआ है। इस दौरान मेले की शांति और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस के कंधों पर रहती है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक बीते कई वर्षों में ये पहला मौका रहा जब मेले के दौरान ना तो अनहोनी हुई और ना ही कोई बड़ा अपराध। उन्होंने इसका श्रेय गरियाबंद प्रशासन और अपने स्टॉफ को दिया है।
