राजघाट से बोले PM मोदी, काशी की भक्ति-शक्ति कोई नहीं बदल सकता…हमारे लिए विरासत का मतलब है हमारी संस्कृति, हमारी आस्था. उनके लिए विरासत का मतलब है अपनी प्रतिमाएं, अपने परिवार की तस्वीरें

देव दीपावली उत्सव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं. हिंदू कैलेंडर के कार्तिक महीने की पूर्णिमा को देव दीपावली मनाई जाती है. इस साल देव दीपावली गंगा नदी के दोनों किनारों पर 15 लाख दीप जलाकर मनाया जा रहा है.काशी आस्था के रंग में रंगी नजर आ रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीप प्रज्ज्वलित करके देव दीपावली महोत्सव का शुभारंभ किया. इस मौके पर पीएम ने मंदिरों की वेबसाइट का भी उद्घाटन किया. 

राजघाट से PM मोदी ने कहा कि आज मां गंगा के सानिध्य में काशी प्रकाश का उत्सव मना रही है. मुझे भी महादेव के आशीर्वाद से इस प्रकाश गंगा में डुबकी लगाने का सौभाग्य मिल रहा है. काशी के लिए एक और भी विशेष अवसर है. कल मन की बात में भी मैंने इसका जिक्र किया था. 100 साल से भी पहले माता अन्नपूर्णा की जो मूर्ति काशी से चोरी हो गई थी, वो फिर वापस आ रही है. माता अन्नपूर्णा एक बार फिर अपने घर लौटकर वापस आ रही हैं. हमारे देवी देवताओं की ये प्राचीन मूर्तियाँ, हमारी आस्था के प्रतीक के साथ ही हमारी अमूल्य विरासत भी हैं. ये बात सही है कि इतना प्रयास अगर पहले किया गया होता, तो ऐसी कितनी ही मूर्तियां, देश को काफी पहले वापस मिल जातीं, लेकिन कुछ लोगों की सोच अलग रही है.

विपक्ष को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारे लिए विरासत का मतलब है देश की धरोहर. जबकि कुछ लोगों के लिए विरासत का मतलब होता है, अपना परिवार और अपने परिवार का नाम. हमारे लिए विरासत का मतलब है हमारी संस्कृति, हमारी आस्था. उनके लिए विरासत का मतलब है अपनी प्रतिमाएं, अपने परिवार की तस्वीरें. 

पीएम ने कहा कि काशी सबको, पूरे विश्व को प्रकाश देने वाली है. पथ प्रदर्शन करने वाली है. हर युग में काशी के इस प्रकाश से किसी ने किसी महापुरुष की तपस्या जुड़ जाती है और काशी दुनिया को रास्ता दिखाती है. उन्होंने कहा कि काशी की ये भावना, देव दीपावली की परंपरा का ये पक्ष भावुक कर जाता है. इस मौके पर पीएम मोदी ने पंजाब के किसानों को गुरु नानक की सीख की याद दिलाई. पीएम ने कहा कि आज हम रिफॉर्म्स की बात करते हैं, लेकिन समाज और व्यवस्था में रिफॉर्म्स के बहुत बड़े प्रतीक तो स्वयं गुरु नानक देव जी ही थे. हमने ये भी देखा है कि जब समाज, राष्ट्रहित में बदलाव होते हैं, तो जाने-अनजाने विरोध के स्वर ज़रूर उठते हैं. लेकिन जब उन सुधारों की सार्थकता सामने आने लगती है तो सबकुछ ठीक हो जाता है. यही सीख हमें गुरुनानक देवजी के जीवन से मिलती है.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये दीप काशीवासियों का भाव है. 6 साल में गंगा की निर्मलता देखने को मिली है. 500 साल से उलझी समस्या को पीएम मोदी ने सुलझाया है. 6 साल पहले लोग गंगा में डुबकी लगाने से पहले सोचते थे, लेकिन अब काशी का भौतिक और आध्यात्मिक विकास हो रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *