देवरीबंगला /घरेलु विवाद व कलह के कारण अपनी प्रेमिका पत्नी को परेशान युवक ने मौत के घाट उतार दिया । आरोपी के दो पत्नियां थी । छोटी दूसरी प्रेमिका पत्नी मृतक सरिता को शुक्रवार देर रात हंसिया से वार कर बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया । बीच-बचाव करने आए आरोपी के भाई की भी हाथ की कलाई कट गई । दोनों को 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरीबंगला लाया गया जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई । आरोपी पति वीरेंद्र ठाकुर घटना के बाद फरार हो गया जिसे देर रात खोजबीन के दौरान ग्रामीणों की मदद से किसना के पास पुलिया के नीचे से गिरफ्तार किया गया । देवरी थाना प्रभारी नवीन बोरकर व उनकी टीम ने कल देर रात घटना के बाद सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ा । घटना ग्राम फरदफोङ की है ।

तीन साल से प्रेमिका के साथ फरार था : ग्रामीणों के अनुसार विरेंद्र ठाकुर उर्फ विक्रम ठाकुर 3 वर्ष पूर्व अपनी प्रेमिका 30 वर्षीय सरिता के साथ फरार हो गया था । अभी हाल ही में लॉकडाउन के दौरान वे दोनों ग्राम फरदफोङ आए थे । तब से दोनों पत्नियों के बीच घरेलू विवाद तथा कलह होते रहता था । शुक्रवार को भी तीनों के बीच विवाद हुआ था । जानकारी के अनुसार सरिता ने कुछ दिनों पूर्व अपने पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत की थी । जिसकी पेशी से शुक्रवार को लौट कर आया था । घरेलू विवाद व कलह की वजह से वीरेंद्र ठाकुर ने आवेश में आकर घर में रखे हंसिए से गले पर वार कर दिया । बीच बचाव में आए भाई के हाथ की कलाई भी कट गई । पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए डौडीलोहारा भेज दिए । पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है । घटना के बाद से गांव में तनाव है ।
