सेलूद मंडल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया संविधान दिवस

पाटन। राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर विश्राम गृह सेलूद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के तेलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयश्री वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन हमारे लोकतंत्र के इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय है, जब वर्ष 1949 में भारत की संविधान सभा ने हमारे सर्वोच्च विधान को अंगीकार किया था।जब भी भारतीय संविधान की बात होती है, तो सबसे पहले हमारे मस्तिष्क में जिस महापुरुष का नाम उभरता है, वे हैं संविधान के मुख्य शिल्पकार, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर।उन्होंने कहा कि संविधान कितना भी अच्छा क्यों न हो, यदि उसे लागू करने वाले लोग अच्छे नहीं हैं, तो वह बुरा साबित होगा।


अश्वनी साहू ने कहा कि आज का दिन हमें उस महान दस्तावेज की याद दिलाता है, जिसे मैं हिंदुस्तान की आत्मा मानता हूँ। जिस प्रकार आत्मा के बिना शरीर का कोई अस्तित्व नहीं होता, उसी प्रकार संविधान के बिना हमारे लोकतांत्रिक राष्ट्र की कल्पना भी असंभव है। यदि हम संविधान निर्माण से पहले के भारत पर दृष्टि डालें, तो उस दौर में देश में राजा-महाराजाओं का राज चलता था। उस व्यवस्था में आम जनता के पास अपने कोई मौलिक अधिकार नहीं थे; शासक की इच्छा ही कानून हुआ करती थी और नागरिक केवल प्रजा बनकर रहने को विवश थे।लेकिन 26 नवंबर 1949 को जब हमने अपने संविधान को अंगीकार किया, तो भारत के इतिहास में एक नए युग का सूत्रपात हुआ।
सुरेंद्र बंछोर ने कहा कि जिस प्रकार औपनिवेशिक शासन के दौरान अंग्रेजों ने भारत की संपदा और संसाधनों का दोहन किया था, आज भी देश में आर्थिक असमानता, निजीकरण और संसाधनों के केंद्रीकरण जैसी नीतियों के माध्यम से आम नागरिक के अधिकारों का हनन हो रहा है। इस दृष्टिकोण के अनुसार, वर्तमान सत्ताधारी दल (भाजपा) की नीतियां संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत हैं, जिससे आम जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष खिलेश मारकंडे ने किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व मंडी बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयश्री वर्मा,खिलेश मारकंडे, सुरेंद्र बंछोर, राकेश साहू, देवेश खेवार, मन्नू यदु, संजय यादव, बिषनाथ यादव,दिलीप बंछोर, राजेंद्र वर्मा, करण धनकर, सुरेंद्र कुर्रे,रवि पटेल, अजय राजपूत,धनंजय साहू, बी आर साहू,अविनाश मिश्रा, श्रीधर साहू,सुधीर ठाकुर,विकास साहू,प्रणय टिकरिया, नेमचंद्र साहू, योगेश चंदेल, सरफराज अहमद, इंद्राणी वर्मा,भुनेश्वरी साहू,देवला साहू सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *